बिजनेस

Sachin Tendulkar ने रियल एस्टेट मार्केट में मारा सिक्स! लोनावला में खरीदी ₹70 करोड़ की जमीन

सचिन तेंदुलकर ने रियल एस्टेट मार्केट में बड़ा धमाका किया है। मुंबई के चर्चित इलाके लोनावला में उन्होंने 70 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी है। उन्होंने यह डील तीन अलग-अलग हिस्सों में पूरी की है।

Image

सचिन ने किया जमीन का बड़ा सौदा

Sachin Tendulkar Lonavla Property : क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने लोनावला में करीब ₹70 करोड़ की प्रॉपर्टी डील की है। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डेटा के मुताबिक सचिन तेंदुलकर ने कुल 3.86 एकड़ जमीन तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में खरीदी है। इन डील को 4 सितंबर, 2026 को तीन अलग-अलग कन्वेयंस डीड्स के जरिए रजिस्टर किया गया। सबसे बड़ी डील 3.09 एकड़ जमीन की है, जिसके लिए तेंदुलकर ने ₹63.69 करोड़ चुकाए। बाकी दो प्रॉपर्टी के लिए क्रमशः ₹4.56 करोड़ और ₹1.75 करोड़ खर्च किए हैं। लेकिन इस पूरी खरीद में एक दिलचस्प बात है तेंदुलकर ने तीनों प्रॉपर्टीज में एक जैसा ऑनरशिप स्ट्रक्चर नहीं लिया है।

सबसे बड़ी पर 100% मालिकाना हक

प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट के मुताबिक तेंदुलकर ने 3.09 एकड़ वाले हिस्से का 100% मालिकाना हक अपने पास रखा है। इसके लिए करीब ₹63.69 करोड़ का भुगतान किया है। बाकी दो प्रॉपर्टी के मामले में तेंदुलकर ने पूरी जमीन नहीं खरीदी, बल्कि दोनों में 50% फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। यानी तीन ट्रांजेक्शन में का कुल करीब ₹70 करोड़ है, लेकिन सभी प्रॉपर्टी में उनकी हिस्सेदारी अलग है। इन तीनों प्रॉपर्टी को नंदन धनंजय मेहता और विवास्वत धनंजय मेहता से खरीदा गया है।

कुल कितनी जमीन खरीदी?

तीनों प्रॉपर्टी का कुल एरिया करीब 15,601.78 वर्ग मीटर है। यह लगभग 1.68 लाख वर्ग फुट या 3.86 एकड़ के बराबर है। पूरी डील को जोड़कर देखें तो प्रति वर्ग फुट ब्लेंडेड इफेक्टिव रेट करीब ₹4,168 बैठता है। हालांकि, यह सिर्फ एक औसत है। अलग-अलग जमीन की कीमत और मालिकाना हक होने के कारण प्रत्येक प्रॉपर्टी का रेट अलग हो सकता है।

स्टाम्प ड्यूटी पर भी करोड़ों खर्च

सचिन तेंदुलकर ने ₹70 करोड़ रुपये तो सिर्फ जमीन की कीमत चुकाई है। इसके अलावा करोड़ों रुपये स्टाम्प ड्यूटी के तौर पर भी खर्च किए हैं। तेंदुलकर ने करीब ₹4.20 करोड़ की स्टाम्प ड्यूटी चुकाई है। वहीं, रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर ₹90,000 का भुगतान किया है।

लोनावला में क्या है खास?

मुंबई और पुणे के बीच में लोनावला एक लोकप्रिय हिल स्टेशन है। यह मुंबई से करीब 100 km और पुणे से करीब 60 km दूर है। मानसून और सर्दियों के दौरान यहां वीकेंड ट्रेवल की मांग काफी बढ़ जाती है। रियल एस्टेट एक्सपर्ट मानते हैं कि लोनावला महाराष्ट्र में सेकंड होम मार्केट की सबसे बड़ी डेस्टिनेशन है। यहां अमीर लोग और सेलेब्रिटी अपने विला, फार्महाउस और बंगले बना रहे हैं। लोनावला का रियल एस्टेट मार्केट मुख्य रूप से सेकंड होम के लिए जाना जाता है। बायर यहां रेडी टू मूव इन विला के साथ ही जमीन में भी निवेश कर रहे हैं

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article