बिजनेस

Rupee vs Dollar: रुपया 56 पैसे टूटकर ₹93.39 के निचले स्तर पर, क्या फिर 95 का लेवल टच करेगा?

ईरान संकट का हल नहीं निकलने से आज रुपये पर दबाब बढ़ा, जिससे इसमें गिरावट आई। हाल में आरबीआई के कदमों से रुपये में रिकवरी देखने को मिली थी।

Image

रुपया धड़ाम

Rupee vs Dollar: ईरान के साथ अमेरिकी शांति वार्ता फेल होने का असर आज भारतीय रुपये पर दिखाई दिया। रुपया सोमवार को 56 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.39 (अस्थायी) पर बंद हुआ। अमेरिका-ईरान शांति वार्ता विफल होने से पश्चिम एशिया में अनिश्चितता का माहौल छा गया जिससे कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई और वैश्विक स्तर पर डॉलर की मांग बढ़ गई। करेंसी एक्सपर्ट के अनुसार, अमेरिका के ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी करने की घोषणा के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य के खुलने को लेकर अनिश्चितताओं ने घरेलू बाजारों से विदेशी पूंजी की निकासी को और तेज कर दिया जिससे भारतीय मुद्रा कमजोर हो गई।

कमजोर खुला था रुपया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 93.30 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 93.40 के निचले स्तर तक गया और 93.25 के उच्च स्तर तक आया। अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यह 93.39 (अस्थायी) पर रहा जो पिछले बंद भाव से 56 पैसे की गिरावट है। रुपया शुक्रवार को 32 पैसे टूटकर 92.83 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

और टूट सकता है रुपया?

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि सप्ताहांत में अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता विफल होने के कारण वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति से रुपये में गिरावट आई। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और डॉलर की मजबूती ने भी घरेलू मुद्रा पर दबाव डाला। चौधरी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत रुख और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से रुपया और कमजोर पड़ सकता है। विदेशी निवेशक भी पूंजी बाजारों से बिकवाली जारी रख सकते हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 93 से 93.80 के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, अब 95 के लेवल टच करने की संभावना नहीं है।

डॉलर इंडेक्स में मजबूती

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.75 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट रही। सेंसेक्स 702.68 अंक या 0.91 प्रतिशत टूटकर 76,847.57 अंक पर जबकि निफ्टी 207.95 अंक या 0.86 प्रतिशत फिसलकर 23,842.65 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 7.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 102.52 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 672.09 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article