डॉलर के मुकाबले रुपया टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा, अब 1 Dollar की कीमत हुई इतनी

भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील नहीं होने से रुपया पर दबाव बढ़ा है। इसके चलते रुपया लगातार टूट रहा है। विदेशी निवेाक व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता के कारण डरे हुए हैं।

Dollar Vs Rupee

Dollar Vs Rupee (Istock)

Dollar Vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट थम नहीं रही है। मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आठ पैसे गिरकर 88.18 (अस्थायी) के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। यह रुपया का अबतक का सबसे निचला स्तर है। आपको बता दें कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता को लेकर रुपया पर दबाव बना हुआ है। वहीं शेयर बाजारों में कमजोरी से भी रुपये पर दबाव बढ़ा है। सोमवार को कारोबार के दौरान रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 88.33 के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया था। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.10 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। मंगलवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.14 पर कमजोर खुला और कारोबार के दौरान 88.20 के निचले स्तर तक गया। कारोबार के अंत में यह 88.18 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से आठ पैसे कम है।

इस कारण टूट रहा रुपया

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका के बढ़े हुए शुल्क को लेकर फैली अनिश्चितता के बीच रुपया अबतक के सबसे निचले स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है क्योंकि इसके नीचे जाने का जोखिम बना हुआ है। इसके अलावा, घरेलू शेयर बाजारों से लगातार विदेशी पूंजी की निकासी या डॉलर की मजबूती आगे भी रुपये की कमजोरी को बढ़ा सकती है। इस बीच, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि भारत अमेरिका के साथ एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर बातचीत कर रहा है। दोनों देश मार्च से ही इस पर वार्ता कर रहे हैं और अब तक पांच दौर हो चुके हैं। अभी तक छठे दौर की वार्ता के लिए कोई नई तारीख तय नहीं हुई है।

End of Feed