बिजनेस

अमेरिकी चुनाव 2024 के चलते डॉलर में उछाल, रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा रुपया

Rupee falls to record low as dollar surges: इस सप्ताह के अंत में एफओएमसी की बैठक के नतीजों से पहले निवेशक सतर्क रह सकते हैं। अमेरिकी डॉलर/रुपया की हाजिर कीमत के 84.10 से 84.40 के बीच कारोबार करने का अनुमान है।

Image

रुपया निचले स्तर पर

Rupee falls to record low as dollar surges: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 21 पैसे टूटकर 84.30 (अस्थायी) के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत की संभावना के साथ अमेरिकी डॉलर सूचकांक में तेजी से घरेलू मुद्रा में यह गिरावट देखने को मिली है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशों में प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने तथा विदेशी पूंजी की सतत निकासी से बाजार धारणा प्रभावित हुई।

84.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ रुपया

बाजार भागीदारों को यह भी उम्मीद है कि अमेरिका का केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व इस सप्ताह के अंत में होने वाली बैठक में ब्याज दरों में कटौती करेगा, तथा 2025 में इसमें एक प्रतिशत तक की और कटौती का अनुमान है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 84.23 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 84.15 के उच्चस्तर और 84.31 के निचले स्तर के बीच कारोबार के बाद अंत में 21 पैसे की गिरावट के साथ 84.30 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

एक दिन पहले मजबूत था रुपया

मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की बढ़त के साथ 84.09 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘आशंका है कि अमेरिकी डॉलर में मजबूती और एफआईआई की निकासी के कारण रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। हालांकि, वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की प्रवृत्ति में वृद्धि और जिंस कीमतों में गिरावट से रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिल सकता है।’’

डॉलर हुआ मजबूत

चौधरी ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा किसी भी तरह का हस्तक्षेप निचले स्तर पर रुपये को सहारा दे सकता है। इस सप्ताह के अंत में एफओएमसी की बैठक के नतीजों से पहले निवेशक सतर्क रह सकते हैं। अमेरिकी डॉलर/रुपया की हाजिर कीमत के 84.10 से 84.40 के बीच कारोबार करने का अनुमान है। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 1.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ 104.80 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.43 प्रतिशत गिरकर 74.45 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 901.50 अंक की तेजी के साथ 80,378.13 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 270.75 अंक की तेजी के साथ 24,484.05 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 2,569.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

इनपुट- भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article