बिजनेस

रिटायरमेंट की प्लानिंग अब जवानी में! युवाओं में बढ़ा पेंशन का क्रेज

Youth Retirement Planning : युवा अब रिटायरमेंट के बाद की नियमित इनकम को लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं और पेंशन के प्रति उनकी दिलचस्पी बढ़ रही है। रिटायरमेंट से जुड़े 59% बीमा उत्पाद 40 वर्ष या उससे कम उम्र के लोग खरीद रहे हैं, जिनमें से 75% से अधिक मांग छोटे और मझोले शहरों से आती है।

Image

पेंशन के लिए अब नहीं करते इंतजार, 40 से कम उम्र में ही कर रहे निवेश (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Youth Retirement Planning : अब युवा पीढ़ी रिटायरमेंट के बाद की वित्तीय सुरक्षा को लेकर अधिक जागरूक हो गई है। एक नई रिपोर्ट के अनुसार, सेवानिवृत्ति से जुड़े 59 प्रतिशत बीमा उत्पाद 40 वर्ष से कम आयु के लोग खरीद रहे हैं। यह डेटा पॉलिसी बाजार द्वारा जारी एक रिपोर्ट में सामने आया है।

मझोले और छोटे शहरों से ज्यादा मांग

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक पॉलिसी बाजार रिपोर्ट में बताया गया है कि रिटायरमेंट से जुड़ी बीमा योजनाओं की 75 प्रतिशत से अधिक मांग भारत के दूसरे और तीसरे स्तर के शहरों से आती है, जबकि केवल 24.7 प्रतिशत मांग महानगरों से है। यह दर्शाता है कि वित्तीय सुरक्षा को लेकर छोटे शहरों के लोग भी अब पहले से ज्यादा सतर्क हो गए हैं।

मिलेनियल्स और जेन-जेड की सक्रिय भागीदारी

मिलेनियल्स (1981-1995 में जन्मे) और जेन-जेड (1996-2010 में जन्मे) पेशेवर अब अपने करियर की शुरुआत में ही लॉन्ग टर्म बीमा योजनाओं में निवेश कर रहे हैं। यह दर्शाता है कि आज की युवा पीढ़ी वित्तीय नियोजन को प्राथमिकता दे रही है।

उम्र के अनुसार पॉलिसी धारकों का वितरण

रिपोर्ट के मुताबिक 15.6% पॉलिसीधारक 41-45 वर्ष के आयु वर्ग से हैं। 13.2% पॉलिसीधारक 46-50 वर्ष के बीच हैं। जबकि केवल 11.6% ग्राहक 50 वर्ष से अधिक आयु के हैं। यह आंकड़े बताते हैं कि अब पारंपरिक उम्र (50+) में रिटायरमेंट योजना शुरू करने की सोच बदल रही है।

बदलते समय की जरूरत: वित्तीय सुरक्षा पहले

बढ़ती जीवन प्रत्याशा, मुद्रास्फीति, और निजी क्षेत्र में गारंटीड पेंशन की कमी ने मौजूदा कार्यबल को प्रेरित किया है कि वे रिटायरमेंट की तैयारी कई दशक पहले ही शुरू कर दें। अब 60 की उम्र तक रुकने की प्रवृत्ति तेजी से बदल रही है।

सीबीओ विवेक जैन का बयान

पॉलिसी बाजार में जीवन बीमा के मुख्य कारोबार अधिकारी विवेक जैन ने कहा कि अब यह धारणा कि रिटायरमेंट प्लानिंग 50 साल की उम्र में शुरू होती है, पुरानी हो चुकी है। लगभग 60% रिटायरमेंट पॉलिसी 40 वर्ष से कम आयु के लोग खरीद रहे हैं, जिनमें से एक बड़ा हिस्सा छोटे और मझोले शहरों से है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article