RBI Policy: भारतीय रिजर्व बैंक ने एक बार फिर रेपो रेट में कटौती का ऐलान किया है। आरबीआई ने रेपो रेट में 0.25% कटौती कर 5.25% कर दिया है। RBI के इस फैसले से देश के करोड़ों लोगों को फायदा मिलेगा। उनकी तमाम तरह की लोन की ईएमआई कम होगी। अगर आपने कार लोन या होम लोन ले रखा है तो आइए जानते हैं कि इस कटौती के बाद आपकी ईएमआई कितनी घटेगी।
10 लाख के कार लोन पर कितनी घटेगी EMI?
मान लेते हैं कि अगर आपने किसी बैंक से 10 लाख रुपये का कार लोन 5 साल के लिए 9.25% ब्याज दर पर ले रखा है तो आपकी मंथली EMI अभी 20,880 रुपये के करीब आती होगी। अब जब आरबीआई ने रेपो रेट में 0.25% की कटौती कर दी है तो ब्याज दर घटकर 9% हो सकती है। इस ब्याज दर पर आपकी ईएमआई घटकर 20,758 रुपये हो जाएगी।
40 लाख के Home Loan पर कितनी बचत होगी?
अगर आपने किसी बैंक से 40 लाख रुपये का होम लोन 20 साल के लिए अभी मान लेते हैं कि 8.25% की ब्याज दर पर लिया है तो आपकी मंथली ईएमआई करीब 34,083 रुपये आती होगी। अब जब आरबीआई ने रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती की और इसका फायदा बैंक आपको देंगे तो आपकी ब्याज दर घटकर 8 फीसदी पर आ सकती है। इस स्थिति में आपकी ईएमआई 33,458 रुपये हो जाएगी।
आर्थिक वृद्धि दर अनुमान बढ़ाया
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को वृहद आर्थिक स्थिति और वैश्विक परिस्थितियों पर गौर करते हुए प्रमुख नीतिगत दर रेपो को 0.25 प्रतिशत घटाकर 5.25 प्रतिशत कर दिया। इसके साथ ही आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष के लिए आर्थिक वृद्धि के अनुमान को 6.8 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.3 प्रतिशत कर दिया। इसके अलावा महंगाई दर के अनुमान को 2.6 प्रतिशत से घटाकर दो प्रतिशत कर दिया गया है। इस तरह वर्ष 2025 में रेपो दर में अब तक कुल 1.25 प्रतिशत की कटौती की जा चुकी है। इससे पहले, केंद्रीय बैंक ने इस साल फरवरी से जून तक रेपो दर में कुल एक प्रतिशत की कटौती की थी।
