Reliance Industries Share: मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयर सोमवार को 2.7% गिर गए। गिरावट के बाद शेयर की कीमत 1,436.85 रुपये पर आ गई। दरअसल, कंपनी ने शुक्रवार को अपने Q1 के नतीजे जारी किए थे। इन नतीजों में कंपनी ने अब तक का सबसे ज्यादा मुनाफा और EBITDA दर्ज किया था।
कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 78% की जबरदस्त बढ़ोतरी के साथ ₹26,994 करोड़ पहुंच गया। इसके बावजूद सोमवार को बाजार खुलते ही कंपनी के शेयरों में 3% तक की गिरावट देखने को मिली। तो ऐसे में सवाल उठता है कि तिमाही नतीजों के बावजूद भी RIL का स्टॉक गिर गया।
क्यों आई गिरावट?
रिलायंस के मुनाफे में जो 78% की बढ़ोतरी दिख रही है, उसमें एशियन पेंट्स में हिस्सेदारी की बिक्री से मिली एकमुश्त रकम (₹8,924 करोड़) शामिल है। इस कमाई को निकाल देने पर वास्तविक लाभ वृद्धि लगभग 25% रह जाती है। यानी निवेशकों ने इसे अस्थायी लाभ माना और कंपनी के कोर बिज़नेस की स्थिति को ध्यान में रखा।
O2C और रिटेल सेगमेंट रहे कमजोर
रिलायंस का तेल-से-रसायन (Oil to Chemical O2C) और रिटेल बिज़नेस इस तिमाही में उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। Jamnagar रिफाइनरी के प्लांट शटडाउन के चलते रिफाइनिंग मार्जिन पर असर पड़ा। साथ ही रिटेल में भी धीमी ग्रोथ ने विश्लेषकों को निराश किया।
तकनीकी कारण भी बने गिरावट की वजह
शेयर बाजार के तकनीकी जानकारों के मुताबिक, रिलायंस का स्टॉक ₹1,560 के स्तर पर एक मजबूत प्रतिरोध का सामना कर रहा था। इस स्तर को पार न कर पाने की वजह से भी निवेशकों ने मुनाफावसूली करना बेहतर समझा। इससे स्टॉक में गिरावट आई।
