बिजनेस

रेफकोल्ड इंडिया 2025: दिल्ली में पहली बार लगेगा रेफ्रिजरेशन और कोल्ड स्टोरेज का महाकुंभ, जानें कहां और कब

Refcold India 2025: ‘रेफकोल्ड इंडिया 2025’ का आठवां संस्करण पहली बार दिल्ली में भारत मंडपम में आयोजित होगा। यह प्रदर्शनी रेफ्रिजरेशन, कोल्ड स्टोरेज और हीटिंग उत्पादों पर केंद्रित है। देश में बढ़ती कोल्ड स्टोरेज जरूरतों के बीच खास महत्व रखता है।

Image

रेफकोल्ड इंडिया 2025: कोल्ड स्टोरेज इंडस्ट्री की नई राह दिल्ली से (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Refcold India 2025 : देश में तेजी से बढ़ती रेफ्रिजरेशन और कोल्ड स्टोरेज की मांग के बीच ‘रेफकोल्ड इंडिया 2025’ का आठवां संस्करण पहली बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 18 से 20 सितंबर 2025 तक भारत मंडपम में होगा।

ISHRAE और Informa Markets का संयुक्त आयोजन

यह प्रमुख प्रदर्शनी आईएसएचआरएई (Indian Society of Heating, Refrigerating and Air Conditioning Engineers) और इन्फॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इस इवेंट का मुख्य फोकस रेफ्रिजरेशन, कोल्ड स्टोरेज और हीटिंग प्रोडक्ट्स पर होगा।

2033 तक $74.5 अरब डॉलर का हो सकता है भारत का कोल्ड चेन बाजार

संयुक्त बयान में विशेषज्ञों ने बताया कि भारत का कोल्ड चेन मार्केट 2024 में $10.5 अरब डॉलर का था, जो 2033 तक $74.5 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। उत्तर भारत में फल, सब्जी, डेयरी और मांस उत्पादन अधिक होने के कारण कोल्ड स्टोरेज की मांग में तेजी आई है।

ई-कॉमर्स और फूड डिलीवरी सेवाओं से बढ़ी जरूरत

ई-कॉमर्स और रेडी-टू-ईट फूड डिलीवरी जैसी सेवाओं ने आधुनिक कोल्ड स्टोरेज की मांग को और बढ़ा दिया है। इस सेक्टर में निवेश और तकनीकी विकास की बड़ी संभावनाएं देखी जा रही हैं।

सरकारी संस्थानों का समर्थन

इस आयोजन को IIR (International Institute of Refrigeration), NCCD (National Centre for Cold-chain Development) और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय का भी समर्थन प्राप्त है।

इनोवेशन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक आयोजन संयोजक और स्टैंडर्ड रेफ्रिजरेशन के निदेशक आशीष गुप्ता ने कहा कि शीत गृह सीरीज क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं। रेफकोल्ड 2025 ऐसा मंच बनेगा जो सरकार, उद्योग जगत और निवेशकों को जोड़कर नवाचार और विकास को बढ़ावा देगा।

लॉजिस्टिक नीति को मिलेगा सहारा

इन्फोर्मा मार्केट्स इन इंडिया के एमडी योगेश मुद्रास ने कहा कि यह आयोजन उच्च लागत और ढांचागत चुनौतियों के समाधान के साथ, राष्ट्रीय लॉजिस्टिक नीति जैसे सरकारी प्रयासों को भी समर्थन देगा।

200+ कंपनियां और 10,000+ पेशेवर होंगे शामिल

प्रदर्शनी में कोपलैंड, डाइकिन, ट्रांसिकोल्ड, रिनक और लुवे जैसी बड़ी कंपनियों के साथ 200 से अधिक इकाइयां हिस्सा लेंगी। साथ ही दवा, समुद्री खाद्य, डेयरी, कृषि, लॉजिस्टिक, रिटेल और हेल्थ सेक्टर से जुड़े 10,000 से ज्यादा पेशेवर भी भाग लेंगे।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की भी भागीदारी

इस बार के आयोजन में नेपाल, श्रीलंका, पश्चिम एशिया और केन्या जैसे देशों से भी प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिससे यह इवेंट वैश्विक स्तर पर और महत्वपूर्ण हो जाएगा।

रेफकोल्ड इंडिया: 2018 से लगातार हो रहा आयोजन

रेफकोल्ड इंडिया की शुरुआत 2018 में हुई थी। इससे पहले यह आयोजन हैदराबाद, अहमदाबाद, चेन्नई और कोलकाता जैसे शहरों में हो चुका है।

‘रेफकोल्ड इंडिया 2025’ दिल्ली में कोल्ड स्टोरेज और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को नया प्लेटफॉर्म देने जा रहा है, जो न केवल व्यापारिक साझेदारियों को बढ़ावा देगा बल्कि इस क्षेत्र में निवेश और नवाचार की संभावनाएं भी खोलेगा।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article