बिजनेस

हाईवे के किनारे पेट्रोल पंप या ढाबा खोलना हुआ आसान! 'राजमार्ग प्रवेश' पोर्टल से अब मिनटों में होगा कागजी काम

Rajmarg Pravesh Portal: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपग्रेडेड राजमार्ग प्रवेश पोर्टल लॉन्च किया है। अब पेट्रोल पंप, फूड कोर्ट, प्राइवेट प्रॉपर्टी या बिजली-पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए केवल एक ही पोर्टल पर आवेदन करने की जरूरत होगी।

Image

अपग्रेडेड राजमार्ग प्रवेश पोर्टल (Photo: iStock)

Rajmarg Pravesh Portal: केंद्र सरकार की ओर से अपग्रेडेड राजमार्ग प्रवेश पोर्टल लॉन्च कर दिया गया है। इस न्यूली लॉन्च डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए एनओसी (No Objection Certificate) प्राप्त करना अब पहले से आसान हो गया है।

अपग्रेडेड राजमार्ग प्रवेश पोर्टल

इस पोर्टल का उद्देश्य अनुमति प्रक्रिया को सरल, तेज, समयबद्ध और पारदर्शी बनाना है। इस पोर्टल के साथ उद्योग और व्यवसायों को नेशनल हाइवे के साथ या उसके आसपास किए जाने वाले निर्माण, सुविधाओं या कनेक्शन कार्यों के लिए एनओसी लेने में समय की बचत होगी। पहले यह प्रक्रिया अधिक कागजी होती थी और विभिन्न विभागों के बीच कॉर्डिनेशन की कमी होने से अनुपालन में देरी होती थी।

किन कामों में होगा पोर्टल का इस्तेमाल

अपग्रेडेड राजमार्ग प्रवेश पोर्टल पर अनेक उद्देश्यों के लिए आवेदन किया जा सकता है-

  • ईंधन स्टेशन (Fuel Stations) के लिए अनुमति
  • राजमार्ग किनारे विश्राम स्थल (Rest Areas) और सड़क सुविधाएं खोलने के लिए
  • निजी संपत्तियों और उद्योगों को राजमार्ग से जोड़ने के लिए प्रवेश एनओसी
  • पानी / गैस की पाइपलाइन, ऑप्टिकल फाइबर केबल, विद्युत लाइनें जैसी सेवाओं के निर्माण या बिछाने के लिए अनुमति

अब इन सभी कार्यों के लिए प्लेटफॉर्म पर लॉग इन कर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है, जो पुराने समय लेने वाले कागजी आवेदन की जगह लेता है। इससे आवेदन-प्राप्ति से लेकर अनुमोदन तक की प्रक्रिया तेज और बिना बाधा के पूरी हो सकेगी।

डिजिटल और ट्रांसपैरेंट सिस्टम

यह पोर्टल विशेष रूप से व्यापार सुगमता (Ease of Doing Business) को ध्यान में रख कर बनाया गया है। इससे सरकारी विभाग और सूचनाएं डिजिटल तरीके से जुड़े रहेंगे, जिससे निर्णय पारदर्शी, ट्रैक करने योग्य और समयबद्ध होंगे। पहले जैसे कागजी प्रक्रिया में देरी होती थी और आवेदन कई चरणों में फंस जाते थे, अब वह समस्या काफी हद तक दूर होगी।

अगर आप राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े किसी भी प्रकार के निर्माण या सुविधा कार्य की योजना बना रहे हैं तो यह पोर्टल आपके लिए एक उपयोगी और समय-बचत वाला साधन हो सकता है।

कैसे कर सकेंगे आवेदन

राहगीर, व्यवसाय, उद्योग या संगठन पोर्टल (https://rajmargpravesh.morth.gov.in/) पर जाकर आसानी से अपना आवेदन अपलोड कर सकते हैं। यह राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समेटता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article