बिजनेस

PPF में ₹1.20 लाख एकमुश्त या हर महीने ₹10,000 निवेश? जानें किस तरीके में ज्यादा फायदा

PPF अकाउंट 15 साल में मैच्योर होता है, लेकिन नियमों के अनुसार सातवें साल से इसमें से कुछ पैसे निकाले जा सकते हैं। मैच्योरिटी के बाद, अकाउंट को पांच-पांच साल के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है।

Image

पीपीएफ में निवेश का गणित

आम निवेशकों के बीच पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) काफी पॉपुलर इन्वेस्टमेंट स्कीम है। रिटायरमेंट प्लानिंग से लेकर बच्चों के हायर एजुकेशन के लिए निवेशक पीपीएफ में निवेश करते हैं। मौजूदा समय में पीपीएफ पर सालाना 7.1% ब्याज मिल रहा है। बता दें कि पीपीएफ में मैच्योरिटी अवधि 15 साल होती है। अब सवाल उठता है कि अगर आप पीपीएफ में एकमुश्त 1.2 लाख रुपये निवेश करते हैं, या हर महीने 10,000 रुपये निवेश करते हैं तो किसमें ज्यादा फायदा मिलेगा? आइए जानते हैं।

निवेश पर ज्यादा ब्याज कब मिलता है?

PPF पर ब्याज की गणना हर महीने की 5 तारीख और महीने के आखिरी दिन के बीच मौजूद सबसे कम बैलेंस के आधार पर की जाती है और इसे फाइनेंशियल ईयर के आखिर में क्रेडिट किया जाता है। ब्याज निवेशित रहता है और उस पर और ब्याज मिलता है। सालाना कम से कम ₹500 और ज्यादा से ज्यादा ₹1.5 लाख का निवेश किया जा सकता है। एकमुश्त निवेश पर ज्यादा से ज्यादा ब्याज पाने के लिए, हर साल 5 अप्रैल तक पैसे जमा करना बेहतर होता है।

PPF में हर महीने ₹10,000 जमा

अगर आप पीपीएफ में 15 साल तक हर महीने ₹10,000 निवेश करते हैं तो आप कुल ₹18 लाख निवेश करेंगे। अगर मौजूदा ब्याज दर 7.1% मानी जाए, तो आप ब्याज के तौर पर लगभग ₹13,55,680 पा सकते हैं, जिससे मैच्योरिटी पर मिलने वाली कुल रकम लगभग ₹31,55,680 हो जाएगी।

PPF में एकमुश्त हर साल ₹1.2 लाख का निवेश

अब अगर आप 15 साल तक हर साल ₹1.2 लाख निवेश करते हैं तो कुल ₹18 लाख निवेश कीेंगे। अगर ब्याज दर 7.1% मानी जाए, तो आप ब्याज के तौर पर लगभग ₹14,54,568 कमा सकते हैं, जिससे मैच्योरिटी पर मिलने वाली कुल रकम लगभग ₹32,54,568 हो जाएगी।

एकमुश्त निवेश करने में ज्यादा फायदा

अगर आप पीपीएफ में एकमुश्त निवेश करते हैं तो आपको ज्यादा ब्याज मिलता है। 1.20 लाख रुपये के एकमुश्त निवेश पर आपको मैच्योरिटी पर करीब 32.55 लाख रुपये मिलेंगे। वहीं, मंथली 10 हजार रुपये जमा करने पर आपको करीब 31.56 लाख रुपये मिलेंगे। इसका मतलब है कि हर साल एकमुश्त पैसे जमा करने के ऑप्शन से 15 सालों में लगभग 99,000 रुपये ज्यादा जमा हो सकते हैं। यानी पीपीएफ में एकमुश्त निवेश करना ज्यादा फायदे का सौदा हे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article