PNG Safety Tips: एलपीजी की शॉर्टेज से जुड़ी चिंताओं के बीच बहुत से लोगों ने अपनी रसोई में अब पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। सरकार की ओर से भी एलपीजी ग्राहकों को पीएनजी में शिफ्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अगर आप भी अपनी रसोई में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का इस्तेमाल कर रहे हैं तो किसी भी दूसरे ईंधन की तरह, इसका भी सुरक्षित उपयोग बेहद जरूरी है। केंद्र की ओर से पीएनजी के इस्तेमाल को लेकर छोटी-छोटी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 'सुरक्षित आदतें अपनाएं, सुरक्षित परिवार बनाएं' के संदेश के साथ पीएनजी ग्राहकों के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सुरक्षा की पहली कड़ी 'सुरक्षा होज'
मंत्रालय के अनुसार, रसोई में सुरक्षा की पहली कड़ी 'सुरक्षा होज' (गैस पाइप) है। पीएनजी इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को समय-समय पर अपने गैस पाइप को चेक करते रहना चाहिए। अगर पाइप में किसी भी तरह की दरार, घिसावट या ढीलापन दिखाई दे, तो उसे बिना किसी देरी के तुरंत बदलना चाहिए। एक छोटा सा लीकेज भी बड़े जोखिम का कारण बन सकता है, इसलिए होज की गुणवत्ता से कभी समझौता न करें।
वेंटिलेशन का रखा जाए ध्यान
इसी तरह, बंद कमरों या बिना खिड़की वाली रसोई में गैस का इस्तेमाल खतरनाक साबित हो सकता है। मंत्रालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि खाना बनाते समय उचित वेंटिलेशन बनाए रखें। रसोई की खिड़कियां और दरवाजे खुले रहने चाहिए ताकि हवा का संचार बना रहे। अगर किसी कारणवश गैस का हल्का रिसाव होता भी है तो वेंटिलेशन के कारण वह घर के अंदर इकट्ठा नहीं होगी और किसी बड़ी दुर्घटना का खतरा कम हो जाएगा।
उपकरण वाल्व को बंद करने की आदत
सुविधा के नाम पर कई बार हम गैस बर्नर बंद कर देते हैं लेकिन मुख्य वाल्व (Appliance Valve) को खुला छोड़ देते हैं। मंत्रालय के अनुसार, इस्तेमाल के बाद उपकरण वाल्व को हमेशा बंद रखें। यह एक सरल लेकिन अत्यंत प्रभावी आदत है, जो अनजाने में होने वाले रिसाव को पूरी तरह रोक देती है। विशेषकर रात को सोने से पहले या घर से बाहर जाते समय इसे सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
