PNB Alert for Customers: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ग्राहक ध्यान दें, अगर आप लंबे समय से अपने बैंक अकाउंट का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं तो ये खबर आपके लिए ही है। बैंक ने कुछ ऐसे खातों को बंद करने का फैसला किया है, जिनमें लंबे समय से कोई ट्रांजैक्शन नहीं हुआ है और अकाउंट का बैलेंस भी जीरो है। ऐसे खाताधारकों को 10 नवंबर 2026 तक जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का समय दिया गया है। अगर आप अपना बैंक अकाउंट चालू रखना चाहते हैं तो समय रहते बैंक की सलाह पर ध्यान देना जरूरी होगा।
इन पीएनबी ग्राहकों का बैंक अकाउंट होने जा रहा है बंद (Photo: iStock)
किन खातों पर होगा असर?
PNB के नोटिस के मुताबिक, यह नियम उन खातों पर लागू होगा, जिनमें 30 सितंबर 2026 तक लगातार तीन साल से ग्राहक की ओर से कोई ट्रांजैक्शन या एक्टिविटी नहीं की गई है। इसके साथ ही, इन बैंक अकाउंट बैलेंस भी शून्य होना चाहिए। यानी बैंक ऐसे खातों को बंद करने की प्रक्रिया करेगा, जो लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हो रहे और जिनमें कोई पैसा जमा नहीं है। हालांकि, बैंक के इस फैसले का मतलब यह नहीं है कि सभी निष्क्रिय खाते बंद कर दिए जाएंगे।
10 नवंबर से पहले क्या करना होगा?
अगर आपका खाता भी इन शर्तों के दायरे में आता है और आप उसे चालू रखना चाहते हैं तो आपको अपनी PNB ब्रांच में जाकर केवाईसी (KYC) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए बैंक में जरूरी डॉक्यूमेंट्स जमा करने होंगे और खाता दोबारा चालू करने का अनुरोध करना होगा।
पहचान और पते के प्रमाण के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे डॉक्यूमेंट्स आप बैंक में सबमिट कर सकते हैं। जरूरत के मुताबिक पैन कार्ड या फॉर्म 60 भी मांगा जा सकता है। बैंक आपके डॉक्यूमेंट्स की जांच करने के बाद खाते को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया पूरी करेगा। इसलिए ब्रांच विजिट करने से पहले जरूरी डॉक्यूमेंट्स की जानकारी लेना न भूलें।
खाता निष्क्रिय होने का क्या मतलब है?
PNB के सामान्य नियमों के मुताबिक, सेविंग या करंट अकाउंट में लगातार 24 महीने तक ग्राहक की ओर से कोई लेनदेन नहीं होने पर उसे निष्क्रिय यानी इनऑपरेटिव माना जा सकता है। हालांकि, मौजूदा नोटिस में खाता बंद करने के लिए तीन साल से अधिक समय तक कोई गतिविधि नहीं होने और जीरो बैलेंस, दोनों शर्तें जरूरी हैं।
मदद के लिए कहां संपर्क करें?
अगर आपको अपने बैंक अकाउंट के स्टेटस और KYC को लेकर कोई परेशानी है तो नजदीकी PNB ब्रांच में संपर्क कर सकते हैं। आप बैंक के टोल-फ्री नंबर 1800-1800 और 1800-2021 पर भी जानकारी ले सकते हैं।
