PNB FD Interest Rate: अगर आप भी एफडी के लिए सरकारी बैंकों पर भरोसा करते हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। आप पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एफडी (FD) स्कीम में निवेश कर सकते हैं। लंबे समय तक निवेश नहीं करना चाहते हैं तो बैंक की 390 दिन की एफडी में पैसा लगा सकते हैं। बैंक की ओर से 390 दिन की एफडी पर 7.10 प्रतिशत तक का ब्याज ऑफर किया जा रहा है। आइए समझते हैं 5 लाख की जमा पर आपका निवेश कितना बढ़ सकता है-
पंजाब नेशनल बैंक एफडी स्कीम (Photo: iStock)
सामान्य नागरिकों को कितना मिलेगा ब्याज?
पंजाब नेशनल बैंक की 390 दिन की एफडी स्कीम में सामान्य नागरिकों को 6.30 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। अगर कोई सामान्य नागरिक इस स्कीम में 5 लाख रुपये जमा करता है तो उसे 390 दिन बाद मैच्योरिटी पर कुल 5,34,536 रुपये मिलेंगे। इस तरह निवेशक को केवल ब्याज से 34,536 रुपये की कमाई होगी।
सीनियर सिटीजन को कितना मिलेगा फायदा?
अगर आपकी उम्र 60 साल या इससे ज्यादा है लेकिन 80 साल से कम है तो आप सीनियर सिटीजन की कैटेगरी में आते हैं। बैंक की ओर से ऐसे ग्राहकों को 390 दिन की एफडी पर 6.80 प्रतिशत सालाना ब्याज ऑफर किया जा रहा है। अगर कोई सीनियर सिटीजन 5 लाख रुपये निवेश करता है तो मैच्योरिटी पर उसे 5,37,353 रुपये मिलेंगे। इसमें 37,353 रुपये की कमाई केवल ब्याज से होगी। यानि सामान्य नागरिकों के मुकाबले सीनियर सिटीजन को 2,817 रुपये ज्यादा मिलेंगे।
सुपर सीनियर सिटीजन को कितना मिलेगा रिटर्न
पंजाब नेशनल बैंक की ओर से 80 साल या इससे ज्यादा उम्र के ग्राहकों को सुपर सीनियर सिटीजन की कैटेगरी में रखा जाता है। ऐसे ग्राहकों को 390 दिन की एफडी पर 7.10 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। अगर कोई सुपर सीनियर सिटीजन 5 लाख रुपये जमा करता है तो उसे मैच्योरिटी पर 5,39,049 रुपये मिलेंगे। इसमें ब्याज से होने वाली कुल कमाई 39,049 रुपये होगी।
| कैटेगरी | निवेश राशि | ब्याज दर (सालाना) | कुल ब्याज | मैच्योरिटी राशि |
| सामान्य नागरिक | 5,00,000 रुपये | 6.30% | 34,536 रुपये | 5,34,536 रुपये |
| सीनियर सिटीजन | 5,00,000 रुपये | 6.80% | 37,353 रुपये | 5,37,353 रुपये |
| सुपर सीनियर सिटीजन | 5,00,000 रुपये | 7.10% | 39,049 रुपये | 5,39,049 रुपये |
एफडी करवाने से पहले ध्यान दें
एफडी में निवेश करने से पहले बैंक की मौजूदा ब्याज दरों और समय से पहले निकासी के नियमों की जानकारी जरूर लें। एफडी से मिलने वाला ब्याज टैक्स के दायरे में आ सकता है।
