PhysicsWallah IPO Date : शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी फिजिक्सवाला (Physics Wallah) 11 नवंबर को अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी में है। कंपनी इस इश्यू के जरिये अपनी विस्तार योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए 3,480 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखती है।
फिजिक्सवाला ला रही है अपना आईपीओ
फिजिक्सवाला आईपीओ की प्रमुख तारीख और स्ट्रक्चर
बाजार नियामक सेबी के पास बुधवार को जमा विवरण पुस्तिका के अनुसार, कंपनी का सार्वजनिक निर्गम 13 नवंबर तक आवेदन के लिए खुला रहेगा, जबकि एंकर निवेशकों को शेयर 10 नवंबर को आवंटित किए जाएंगे। आईपीओ में 3,100 करोड़ रुपये मूल्य के नए इक्विटी शेयरों का निर्गम और 380 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (OFS) शामिल है।
प्रर्वतकों की हिस्सेदारी और बिक्री
कंपनी के दोनों प्रर्वतक अलख पांडे और प्रतीक बूब, इस दौरान 190-190 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचेंगे। वर्तमान में दोनों के पास कंपनी में 40.31 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
फाइलिंग और नियामकीय मंजूरी
नोएडा स्थित फिजिक्सवाला ने मार्च में गोपनीय रूट के जरिये सेबी के पास दस्तावेज दाखिल किए थे। कंपनी को जुलाई में बाजार नियामक की मंजूरी मिली थी। इस प्रक्रिया से कंपनी को आईपीओ विवरणों का सार्वजनिक खुलासा बाद के चरणों तक रोकने की अनुमति मिली।
जुटाई गई राशि का उपयोग
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक कंपनी ने कहा कि नए शेयरों के निर्गम से मिलने वाली राशि में से
- 460.5 करोड़ रुपये नए ‘ऑफलाइन’ और ‘हाइब्रिड’ शिक्षण केंद्रों की स्थापना पर खर्च किए जाएंगे।
- 548.3 करोड़ रुपये मौजूदा केंद्रों की पट्टा राशि (लीज पेमेंट) के भुगतान के लिए उपयोग किए जाएंगे।
- 47.2 करोड़ रुपये इसकी अनुषंगी जाइलम लर्निंग (Xylem Learning) में निवेश किए जाएंगे, जिसमें नए केंद्रों के लिए 31.6 करोड़ रुपये और छात्रावासों व पट्टे भुगतान के लिए 15.5 करोड़ रुपये शामिल हैं।
वित्तीय प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2024-25 में फिजिक्सवाला का घाटा घटकर 243 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले 1,131 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का राजस्व बढ़कर 2,887 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 1,941 करोड़ रुपये था।
आईपीओ प्रबंधक
कंपनी ने अपने सार्वजनिक निर्गम के प्रबंधन के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, जेपी मॉर्गन इंडिया, गोल्डमैन शैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज और एक्सिस कैपिटल को नियुक्त किया है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है, निवेश की सलाह नहीं है, अगर आपको किसी भी तरह का निवेश करना है तो एक्सपर्ट्स से संपर्क करें।)
