Delhi Real Estate Demand: रियल एस्टेट जानकारी देने वाले प्लेटफॉर्म मैजिकब्रिक्स ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में मकान खरीदने या किराये पर लेने वाले लोग अब पूरी तरह से तैयार अपार्टमेंट को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, मैजिकब्रिक्स पर खोजने वाले लगभग 80 प्रतिशत लोग तैयार अपार्टमेंट की तलाश कर रहे थे।
मैजिकब्रिक्स ने बयान में कहा, "तैयार अपार्टमेंट के लिए सबसे अधिक रुचि देखने को मिली। इस श्रेणी में 79.43 प्रतिशत खोजें की गईं, जबकि नए बने मकानों के लिए 59 प्रतिशत और पुनर्विक्रय संपत्तियों के लिए 41 प्रतिशत खोजें की गईं।"
कहां खोजना पसंद कर रहे हैं लोग?
दिल्ली में लोगों ने जिस प्रकार के स्थानों की तलाश की, उस पर भी रोशनी डाली गई। 37 प्रतिशत खोजें वाणिज्यिक क्षेत्रों के पास के मकानों के लिए की गईं, जबकि 34 प्रतिशत ने औद्योगिक क्षेत्रों और 28 प्रतिशत ने कार्यालय क्षेत्रों के पास के मकानों की तलाश की।
किराये पर मकान लेने वालों की प्राथमिकताएं
किराये पर मकान लेने वाले लोगों के लिए सुविधाएं एक महत्वपूर्ण बिंदु बनी हुई हैं। मैजिकब्रिक्स के अनुसार, 41 प्रतिशत लोगों ने पूरी तरह से सुसज्जित मकानों की तलाश की, वहीं 34.8 प्रतिशत ने अर्ध-सुसज्जित मकानों को प्राथमिकता दी। इसके अलावा, पार्किंग भी एक अहम आवश्यकता बन गई है, क्योंकि 60 प्रतिशत लोग एक पार्किंग स्थान वाले मकानों को तरजीह देते हैं, जबकि 20 प्रतिशत लोग तीन या उससे अधिक पार्किंग स्थानों वाले मकानों को चुनते हैं।
मैजिकब्रिक्स पर बड़ी संख्या में विकल्प
मैजिकब्रिक्स पर हर महीने दो करोड़ से अधिक लोग विभिन्न प्रकार के विकल्पों को देखते हैं और इस प्लेटफॉर्म पर 15 लाख से अधिक संपत्तियां सूचीबद्ध की जाती हैं। यह प्लेटफॉर्म रियल एस्टेट की सभी आवश्यकताओं के लिए सेवाएं प्रदान करता है, जिसमें आवासीय ऋण, इंटीरियर्स और विशेषज्ञ सलाह शामिल हैं।
भाषा इनपुट के साथ
