Paytm Payments CEO: पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज लिमिटेड (पीपीएसएल) के एमडी और सीईओ नकुल जैन ने अपने एंटरप्रेन्योरियल सफर को आगे बढ़ाने के लिए कंपनी में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने सोमवार देर रात एक रेगुलेटरी फाइलिंग में पुष्टि की कि वह अपनी पेमेंट बिजनेस सब्सिडियरी के लिए नए एमडी-सीईओ की तलाश कर रही है और जल्द ही इसके लिए नियुक्ति की घोषणा की जाएगी। नकुल जैन ने ऐसे समय पर इस्तीफा दिया है जब पेटीएम पेमेंट एग्रीगेटर लाइसेंस के लिए फिर से आरबीआई से मंजूरी मिलने का इंतजार कर रही है।
ये भी पढ़ें -
एक बार खारिज हो चुका है आवेदन
आरबीआई ने पहले एफडीआई मानदंडों का अनुपालन न करने का हवाला देते हुए पेटीएम के आवेदन को खारिज कर दिया था। आरबीआई ने पेटीएम को फिर से आवेदन करने से पहले आवश्यकताओं को पूरा करने का निर्देश भी दिया था।
27 अगस्त 2024 को वित्त मंत्रालय से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की मंजूरी के बाद, पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज लिमिटेड ने अपना पीए आवेदन फिर से पेश किया था और मंजूरी का इंतजार कर रहा है।
शेयर में गिरावट
इस बीच, पेटीएम ने कहा कि वह अपने मौजूदा मर्चेंट्स को पेमेंट एग्रेशन सर्विसेज प्रदान करना जारी रखेगी। मंगलवार को पेटीएम (One 97 Communications Ltd) के शेयर में गिरावट दिख रही है।
BSE पर कंपनी का शेयर 780.20 रु के पिछले बंद स्तर के मुकाबले सुबह 771.50 रु पर खुला है, जबकि करीब साढ़े 10 बजे ये 8.70 रु या 1.12 फीसदी की गिरावट के साथ 771.50 रु पर है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
वन97 कम्युनिकेशंस ने 31 दिसंबर, 2024 को समाप्त तिमाही के लिए 20 जनवरी को अपने तिमाही नतीजे पेश किए थे। फिनटेक प्रमुख पेटीएम की पैरेंट कंपनी ने 208.3 करोड़ रु का शुद्ध घाटा दर्ज किया। पिछले वर्ष की इसी तिमाही में दर्ज किए गए 219.8 करोड़ रु से इसका शुद्ध घाटा कम हुआ।
