OYO Raised 1457 crore rupees: ऑनलाइन होटल बुकिंग प्लेटफॉर्म ओयो की पैरेंट कंपनी ओरेवल स्टेज लिमिटेड ने फंडिंग के फ्रेश स्टेज में निवेशकों से 1,457 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। यूनिकॉर्न कंपनी ओयो अपना आईपीओ लाने की तैयारी में है।
99.99 प्रतिशत शेयरहोल्डरों ने दी मंजूरी
अलग-अलग डॉक्यूमेंट्स से मिली जानकारी के मुताबिक, 8 अगस्त 2024 को आयोजित कंपनी की असाधारण आम बैठक में 99.99 प्रतिशत शेयरहोल्डरों ने एडिशनल इक्विटी जारी करने की मंजूरी दे दी थी। सूत्रों ने कहा कि कंपनी इन पैसों का इस्तेमाल ओयो की ग्रोथ और इसकी ग्लोबल एक्सपेंशन योजनाओं में किया जाएगा।
एडिशनल फंड के बाद 2.4 अरब डॉलर हुई कंपनी की वैल्यूएशन
एक सूत्र ने कहा कि एडिशनल फंड इकट्ठा करने से कंपनी की वैल्यूएशन 2.4 अरब डॉलर के बराबर हो गई है। बताते चलें कि जब किसी स्टार्टअप कंपनी की वैल्यू एक अरब डॉलर को पार कर जाती है तो उसे यूनिकॉर्न कहा जाता है। लिहाजा, ओयो को भी इसकी जबरदस्त वैल्यूएशन के आधार पर ही यूनिकॉर्न कंपनी कहा जाता है।
35 से ज्यादा देशों में होटल और होम
ओयो की वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी के पास भारत, इंडोनेशिया, मलेशिया, डेनमार्क, अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, नीदरलैंड्स, जापान, मेक्सिको, ब्राजील समेत दुनिया भर के 35 से भी ज्यादा देशों में 1,74,000 से भी ज्यादा होटल और होम उपलब्ध हैं। इसी के साथ ओयो, दुनिया का लीडिंग होटल और होम चेन बना हुआ है। कंपनी में दुनिया की कई बड़ी कंपनियों ने काफी पैसा निवेश कर रखा है। ओयो के फाउंडर और सीईओ रितेश अग्रवाल की नेट वर्थ करीब 16,000 करोड़ रुपये है।
भाषा इनपुट के साथ
