Robert Kiyosaki Prediction : ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक और मशहूर निवेश सलाहकार रॉबर्ट कियोसाकी ने अमेरिका की आर्थिक स्थिति को लेकर एक बार फिर गंभीर चेतावनी दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए उन्होंने बताया कि अमेरिका कर्ज, बढ़ती बेरोजगारी और ढहते रिटायरमेंट फंड्स के कारण एक "ग्रेटर डिप्रेशन" यानी अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक मंदी की ओर बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने यह संकट एक अवसर भी लेकर आया है। उन्होंने साहसिक भविष्यवाणियां करते हुए अनुमान लगाया गया है कि वर्ष 2035 तक बिटकॉइन $1 मिलियन को पार कर जाएगा, सोना $30,000 प्रति औंस और चांदी $3,000 प्रति सिक्का को छू जाएगा।
2035 तक निवेश से करोड़पति बनने का दावा
उन्होंने लिखा कि 2025 में क्रेडिट कार्ड कर्ज ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच चुका है, अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज चरम पर है, बेरोजगारी बढ़ रही है, 401(k) रिटायरमेंट फंड्स का मूल्य गिर रहा है, और पेंशन योजनाएं खत्म की जा रही हैं। कियोसाकी ने इस संकट को “एक जीवन बदलने वाला अवसर” करार देते हुए कहा कि जो लोग अभी कदम उठाएंगे, वे आने वाले दशक में अमीर बन सकते हैं। उन्होंने भविष्यवाणी की कि 2035 तक एक बिटकॉइन की कीमत $10 लाख (लगभग ₹8 करोड़) से ऊपर होगी, सोने की कीमत $30,000 प्रति औंस और चांदी $3,000 प्रति सिक्का तक पहुंच सकती है।
किया निवेश का आग्रह
कियोसाकी ने कहा कि अगर आप अभी एक बिटकॉइन, थोड़ा सा सोना या चांदी खरीदते हैं, तो यह आपके जीवन का सबसे आसान पैसा हो सकता है। आज कार्रवाई करें, कल बहुत देर हो सकती है। उन्होंने निवेशकों से आग्रह किया कि वे डरने के बजाय तैयार रहें और इस मौके को न गंवाएं।
पुरानी सलाह, आज भी प्रासंगिक
कियोसाकी ने स्वीकार किया कि वह बार-बार एक ही सलाह देते हैं: "सोना खरीदो, चांदी खरीदो, बिटकॉइन खरीदो।" उन्होंने दोहराया कि यही तीन चीजें आने वाली आर्थिक तबाही में लोगों को बचा सकती हैं। रॉबर्ट कियोसाकी की भविष्यवाणी जितनी चौंकाने वाली है, उतनी ही गंभीर भी। जहां लाखों लोग आर्थिक संकट में फंस सकते हैं, वहीं कुछ समझदार निवेशकों के पास वित्तीय आज़ादी का सुनहरा मौका भी हो सकता है।
(डिस्क्लेमर: विशेषज्ञों द्वारा दी गई सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं। टाइम्स नाउ नवभारत उनके विचारों से कोई इत्तेफाक नहीं रखता है)
