बिजनेस

अंडमान में तेल का खजाना! ONGC-BP की डील से खुलेगा भारत की $20 ट्रिलियन इकॉनमी का रास्ता

अंडमान, सौराष्ट्र, बंगाल और महानदी जैसे अपतटीय क्षेत्रों में स्ट्रैटिग्राफिक कुओं की खुदाई के जरिए इस संभावित खजाने की तलाश शुरू की जा रही है। यह साझेदारी न सिर्फ ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि इससे भारत को $20 ट्रिलियन की इकोनॉमी बनाने की राह में भी जबरदस्त मदद मिल सकती है।

Image

Pic credit: iStock

Photo : iStock

अंडमान की गहराइयों में छुपे तेल और गैस के खजाने की तलाश अब तेज होने जा रही है। देश की प्रमुख तेल कंपनी ओएनजीसी (ONGC) और ब्रिटेन की ऊर्जा दिग्गज बीपी (BP) ने हाथ मिलाकर भारत के समुद्री क्षेत्रों में तेल और गैस खोज की एक ऐतिहासिक पहल शुरू की है। यह साझेदारी न सिर्फ ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि इससे भारत को $20 ट्रिलियन की इकोनॉमी बनाने की राह में भी जबरदस्त मदद मिल सकती है। अंडमान, सौराष्ट्र, बंगाल और महानदी जैसे अपतटीय क्षेत्रों में स्ट्रैटिग्राफिक कुओं की खुदाई के जरिए इस संभावित खजाने की तलाश शुरू की जा रही है, जो भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को नई उड़ान दे सकता है।

तेल की खोज

सरकारी तेल कंपनी ओएनजीसी (ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन) ने ब्रिटेन की दिग्गज ऊर्जा कंपनी बीपी (British Petroleum) के साथ हाथ मिलाया है। इस साझेदारी का मकसद भारत के चार समुद्री क्षेत्रों अंडमान, महानदी, सौराष्ट्र और बंगाल बेसिन में तेल और गैस के संभावित भंडार की खोज करना है।

यह खोज ‘स्ट्रैटिग्राफिक कुओं’ के जरिए की जाएगी। ये कुएं जमीन की गहराई में मौजूद परतों की बनावट और उनके घटकों को समझने के लिए खोदे जाते हैं। इनसे यह जानकारी मिलती है कि किसी जगह पर तेल या गैस की संभावना है या नहीं। ये कुएं सीधे तेल निकालने के लिए नहीं बल्कि भू-वैज्ञानिक अध्ययन के लिए होते हैं।

इस रणनीतिक समझौते पर हस्ताक्षर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में 'ऊर्जा वार्ता 2025' नाम के एक कार्यक्रम में किए गए। पेट्रोलियम सचिव पंकज जैन ने कहा कि भारत में इस तरह की खुदाई का यह पहला प्रयास होगा। इस खोज में लगभग 2 लाख करोड़ लीटर (लगभग 22 बिलियन बैरल) कच्चे तेल के भंडार की संभावना है, जो भारत की अर्थव्यवस्था को $3.7 ट्रिलियन से $20 ट्रिलियन तक ले जा सकता है।

क्या करेंगी ONGC और BP?

समझौते के तहत ओएनजीसी इस पूरी परियोजना में निवेश करेगी, जबकि बीपी डिजाइन तैयार करने, स्थान चुनने और भू-वैज्ञानिक विश्लेषण जैसी तकनीकी सहायता देगी।

बीपी इंडिया के प्रमुख कार्तिकेय दुबे ने कहा कि गहरे समुद्र में तेल और गैस खोज की दिशा में यह साझेदारी भारत में नई संभावनाओं के दरवाजे खोल सकती है। यह पहल न सिर्फ देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए अहम है, बल्कि इससे भविष्य में बड़े पैमाने पर तेल और गैस के घरेलू भंडार खोजने की संभावनाएं भी बनेंगी।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article