NSE IPO GMP : देश के सबसे बड़े और सबसे बहुप्रतीक्षित IPO में से एक NSE IPO अब लॉन्च के करीब पहुंच गया है। SEBI से मंजूरी मिलने के बाद अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि प्राइस बैंड क्या होगा, IPO कब खुलेगा और लिस्टिंग पर कितना फायदा मिल सकता है। मौजूदा ग्रे मार्केट संकेत भी इस इश्यू को लेकर मजबूत दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
8 सितंबर, 2026 दोपहर 1:02 बजे के GMP डेटा के मुताबिक NSE IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP ₹233 है। एक दिन पहले यह ₹221 था। हालांकि, 5 सितंबर को GMP ₹310 तक पहुंच गया था। यानी पिछले कुछ दिनों में GMP में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। ध्यान रहे कि GMP आधिकारिक बाजार डेटा नहीं है और इससे IPO की लिस्टिंग कीमत की गारंटी नहीं मिलती।
₹30,000 करोड़ का हो सकता है IPO
NSE के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस यानी DRHP के मुताबिक कंपनी 14,89,05,525 यानी करीब 14.89 करोड़ इक्विटी शेयर ऑफर करने की तैयारी में है। यह पूरा ऑफर ऑफर फॉर सेल (OFS) इश्यू है। यानी IPO से मिलने वाला पैसा NSE को नहीं मिलेगा, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे। इसी आधार पर बाजार में NSE IPO का आकार करीब ₹30,000 करोड़ माना जा रहा है। यह रकम जुटने पर IPO देश के अब तक के सबसे बड़े public issues में शामिल हो सकता है। Hyundai Motor India का करीब ₹27,870 करोड़ का IPO अब तक का सबसे बड़ा था; NSE का इश्यू उससे बड़ा हो सकता है।
आम निवेशक कब लगा पाएंगे पैसा?
यहां अभी सबसे जरूरी बात यह है कि 8 सितंबर तक NSE ने रिटेल इन्वेस्टर के लिए IPO की अंतिम ओपनिंग डेट और प्राइस बैंड आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं किया है। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक NSE करीब ₹1,800 प्रति शेयर या उससे थोड़ा ऊपर के स्तर पर IPO प्राइस तय करने पर विचार कर रहा है। Economic Times की रिपोर्ट के अनुसार प्राइस बैंड (Price Band) करीब 15 सितंबर तक घोषित हो सकता है और IPO लगभग 18 सितंबर के आसपास खुल सकता है। वहीं, रॉयटर्स ने रिपोर्ट किया है कि NSE IPO लॉन्च करने की तैयारी 21 सितंबर से शुरू होने वाले सप्ताह में कर रहा है।
रिटेल निवेशकों के लिए कितना हिस्सा?
DRHP में IPO की अलॉटमेंट स्ट्रक्चर भी दी गई है। इसमें कम से कम 35% नेट ऑफर रिटेल इंडिविजुअल बिडर यानी आम निवेशकों के लिए उपलब्ध कराने का प्रावधान है। QIBs के लिए अधिकतम 50% और NIBs के लिए कम से कम 15% हिस्सा रखा गया है।
NSE की सबसे बड़ी ताकत क्या है?
NSE का निवेश आकर्षण सिर्फ उसके IPO के आकार की वजह से नहीं है। DRHP के मुताबिक FY2026 में NSE की कुल आय ₹18,713.37 करोड़ और प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) ₹10,302.06 करोड़ रहा। FY2025 में PAT ₹12,187.69 करोड़ था। यानी कंपनी के पास बेहद मजबूत मुनाफे वाला बिजनेस है। NSE का बाजार में दबदबा भी इसकी बड़ी ताकत है। FY2026 में कैश मार्केट टर्नओवर के आधार पर NSE का मार्केट शेयर 92.99% इक्विटी फ्यूचर में 99.79% और इक्विटी ऑप्शन में प्रीमियम टर्नओवर के आधार पर 74.71% थी। इसके अलावा डेरिवेटिव में भी NSE की ग्लोबल पकड़ मजबूत है। DRHP के अनुसार FY2026 में इक्विटी डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट ट्रेड के मामले में NSE का ग्लोबल मार्केट शेयर 51.18% रहा।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
