Noida Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अप्रैल, 2025 तक उड़ान सेवा शुरू करने की उम्मीद है। इससे पहले निर्माण में देरी के कारण सितंबर, 2024 की समय सीमा चूक गई थी। हाल ही में दिल्ली से लगभग 75 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर इलाके में बन रहे अत्याधुनिक हवाई अड्डे के निर्माण कार्यों में देरी की खबरें आई थीं।
Noida Airport (image-PTI)
इसी साल शुरू होना था संचालन
हवाई अड्डे के सितंबर, 2024 तक उड़ान संचालन शुरू करने की योजना थी। हवाई अड्डे ने सोमवार को बयान में कहा, ‘‘मौजूदा निर्माण स्थिति को देखते हुए हमें अप्रैल, 2025 के अंत तक वाणिज्यिक संचालन शुरू करने की उम्मीद है।’’ बयान में आगे कहा गया, ‘‘हम अपने ईपीसी (इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण) ठेकेदार टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि निर्माण गतिविधियों की गति और परिचालन की तैयारी को तेज रखा जा सके।’’
ये भी पढ़ें: Prosus 2024 report card: प्रोसस ने बायजू में निवेश पूरी तरह डूबा हुआ माना, 4,100 करोड़ रुपये का हुआ नुकसान
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
एयरपोर्ट की ओर से कहा गया है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान संपर्क के लिए कई एयरलाइन कंपनियों के साथ समझौते किए गए हैं। हवाई अड्डे ने यह भी कहा कि निर्माण कार्य उन्नत चरणों में है। बयान के मुताबिक, ‘‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर निर्माण और विकास कार्य अग्रिम चरण में है और हम परिचालन तत्परता की राह में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। यह एक बड़ी और जटिल परियोजना है, और निर्माण गतिविधियों के अगले कुछ सप्ताह महत्वपूर्ण हैं।’’
5,000 हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में फैला है एयरपोर्ट
बयान में कहा गया है कि रनवे, यात्री टर्मिनल और नियंत्रण टावर पर काम काफी आगे बढ़ चुका है और हाल ही में ग्राउंड हैंडलिंग, वाणिज्यिक क्षेत्रों के संचालन और महत्वपूर्ण रखरखाव अनुबंधों के लिए रियायतें दी गई हैं। माना जा रहा है कि इस परियोजना के पूरा होने पर यह भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा। हवाई अड्डे को चार चरणों में 5,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।
