भारतीय एसयूवी ऑटो मार्केट में प्रतिस्पर्धा कड़ी होने वाली है। जापानी वाहन विनिर्माता निसान अगले साल भारत में अपनी नई एसयूवी 'टेक्टॉन' को लॉन्च करेगी। माना जा रहा है कि इस एसयूवी का सीधा मुकाबला हुंडई क्रेटा, मारुति ग्रैंड विटारा और किआ स्लेटोस होगा। कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक सौरभ वत्स ने बताया कि टेक्टॉन को जापान, लंदन और भारत में मौजूद निसान की वैश्विक टीमों ने डिजाइन और विकसित किया है। भारत में बनने वाले इस मॉडल को दूसरे देशों में निर्यात भी किया जाएगा।
अगले साल के मध्य तक बाजार में आएगी
कंपनी मध्यम आकार के एसयूवी टेक्टॉन को अगले साल पेश करने की तैयारी में है। इसका मुकाबला हुंदै क्रेटा, किआ सेल्टोस, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा और स्कोडा कुशाक जैसे लोकप्रिय मॉडलों के साथ होने वाला है। वत्स ने एक कहा, “हमने यह सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत की है कि नए वाहनों के बारे में किए गए सभी वादों एवं समयसीमाओं का पालन हो। हमारी उत्पाद शृंखला की शुरुआत 2026 की पहली तिमाही से होगी और नई कॉम्पैक्ट एसयूवी 'टेक्टॉन' अगले साल के मध्य तक बाजार में आएगी।”
विदेशी बाजारों में होगा निर्यात
उन्होंने कहा कि यह ‘एक कार, एक दुनिया’ सिद्धांत के तहत आने वाला दूसरा मॉडल होगा। पहले मॉडल मैग्नाइट के साथ यह पहल शुरू हुई थी, जो वर्तमान में 65 से अधिक बाजारों में निर्यात हो रही है। टेक्टॉन भी चयनित निर्यात बाजारों में भेजी जाएगी। भारतीय बाजार में नए सिरे से अपनी पकड़ बनाने की कोशिश में जुटी निसान ने अगले साल के अंत तक घरेलू और निर्यात दोनों बाजारों में वार्षिक बिक्री को एक लाख इकाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

निसान 'टेक्टॉन'
दो और एसयूवी उतारने की तैयारी
निसान मोटर कंपनी के कॉरपोरेट कार्यकारी अल्फांसो अल्बाइसा ने कहा कि नए मॉडल का डिजाइन लोकप्रिय 'निसान पैट्रोल' से प्रेरित होने के साथ भारतीय जरूरतों के हिसाब से ढाला गया है। उन्होंने कहा, “हम भारत को लेकर उत्सुक हैं। हम अपने वाहनों की सफलता को बढ़ाना चाहते हैं और यहां से दुनिया भर में बेहतरीन कारें बेचना चाहते हैं।” कंपनी ने मैग्नाइट एवं एक्स-ट्रेल के मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा भारत में दो एसयूवी (पांच एवं सात सीट वाले), एक किफायती इलेक्ट्रिक वाहन को पेश करने की योजना पहले ही घोषित की हुई है। कंपनी ने बताया कि टेक्टॉन भारत में रेनो के साथ कारखाना गठजोड़ के तहत बनाई जाएगी और यह उत्पादन से पहले के वाहन सड़क परीक्षणों के लिए तैयार है।
