Multibagger EV Stock : इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी Ather Energy के शेयर बुधवार को चर्चा में हैं। कंपनी पिछले साल मई में शेयर बाजार में लिस्ट हुई है। इसके बाद से अब तक इसके शेयर निवेशकों की पूंजी को 3 गुना से ज्यादा बढ़ा चुके हैं। करीब 14 महीने में एथर एनर्जी के शेयर में 327 फीसदी की तेजी आ चुकी है। बुधवार 15 जुलाई को Ather Energy Share Price में 8 फीसदी का उछाल आया है और कीमत 1,313.80 रुपये पर पहुंच गई है, जो इसका ऑल टाइम हाई लेवल है।
सिर्फ एक साल में 3 गुना बढ़ाई निवेशकों की पूंजी
अभी चर्चा में क्यों चर्चा में आई कंपनी?
फिलहाल एथर एनर्जी हीरो मोटो कॉर्प (Hero Moto Corp) की तरफ से 1000 करोड़ रुपये की फंडिंग को लेकर चर्चा में है। एथर की तरफ से BSE/NSE को दी गई एक्सचेंज फाइलिंग में बताया गया है कि Hero MotoCorp ने कंपनी में ₹1,000 करोड़ का नया निवेश करने का फैसला किया है। वहीं, Hero MotoCorp ने अपनी एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि वह यह निवेश प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिये इक्विटी शेयर या कन्वर्टिबल वारंट खरीदकर करेगी। यह निवेश जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद पूरा होगा। कंपनी का कहना है कि मंजूरियां मिलने के 15 दिनों के भीतर यह सौदा पूरा करने की कोशिश की जाएगी।
Ather में पहले से सबसे बड़े निवेशकों में Hero
जून 2026 तक Hero MotoCorp के पास Ather Energy में 29.5% हिस्सेदारी थी और वह कंपनी के प्रमोटर समूह का हिस्सा है। नए निवेश के बाद उसकी हिस्सेदारी कितनी होगी, यह शेयरों की कीमत और इश्यू के अंतिम ढांचे पर निर्भर करेगा। बुधवार को Ather Energy के बोर्ड की बैठक भी होने वाली है। इसमें कंपनी फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार करेगी। ऐसे में निवेशकों की नजर इस बैठक के फैसलों पर भी रहेगी।
IPO निवेशकों को मिला शानदार रिटर्न
Ather Energy उन चुनिंदा कंपनियों में शामिल हो गई है, जिन्होंने लिस्टिंग के बाद निवेशकों को जोरदार रिटर्न दिया है। बुधवार को शेयर ₹1,313 के नए 52 सप्ताह के उच्च स्तर तक पहुंचा। शेयर अपने IPO प्राइस से करीब 300% ऊपर कारोबार कर रहा है। केवल 2026 में अब तक 60% से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। जबकि, पिछले करीब 14 महीनों में शेयर 326% से अधिक चढ़ चुका है।
निवेशकों का भरोसा कायम
Ather Energy भारत के इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार की शुरुआती कंपनियों में रही है। हालांकि अब उसे TVS Motor और Bajaj Auto जैसी बड़ी कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है। इन कंपनियों के पास मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और बेहतर वित्तीय क्षमता है। इसके बावजूद Hero MotoCorp का नया निवेश यह संकेत देता है कि कंपनी को Ather के लंबे समय के कारोबार और ग्रोथ पर भरोसा है।
क्या करती है Ather Energy?
Ather Energy इलेक्ट्रिक स्कूटर डिजाइन और निर्माण करती है। इसके साथ ही कंपनी अपना चार्जिंग नेटवर्क भी चलाती है और बैटरी एनर्जी मैनेजमेंट से जुड़ी सेवाएं भी देती है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कारोबार ₹3,671.76 करोड़ रहा।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : शेयर बाजार का सुपरस्टार Multibagger Stock! 6 महीने में पैसा डबल, 1 महीने 30% भागा
