बिहार सरकार के उद्योग विभाग ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत नए वित्तीय वर्ष के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य में स्वरोजगार को बढ़ावा देना और बेरोजगारी कम करना है। इस बार आवेदन करने के लिए खिड़की 25 फरवरी 2026 से खुल चुकी है और आपके पास 15 मार्च 2026 तक का समय है। इस योजना के तहत सरकार लाभार्थियों को ₹10 लाख तक की प्रोत्साहन राशि देती है। इसमें सबसे अच्छी बात यह है कि कुल राशि का 50% हिस्सा (यानी ₹5 लाख) पूरी तरह माफ होता है, जिसे आपको कभी वापस नहीं करना। बाकी के ₹5 लाख आपको बहुत ही कम ब्याज या बिना ब्याज के (कैटेगरी के अनुसार) आसान किस्तों में लौटाने होते हैं।
कौन-कौन कर सकता है आवेदन?
यह योजना बिहार के मूल निवासियों के लिए है। सरकार ने इसे अलग-अलग वर्गों के लिए चार केटेगरी में बांटा है
1. मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (SC/ST) उद्यमी योजना
2. मुख्यमंत्री अति पिछड़ा वर्ग (EBC) उद्यमी योजना
3. मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना
4. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना
आवेदन करने वाले की उम्र 18 से 50 साल के बीच होनी चाहिए। साथ ही, आवेदक कम से कम 12वीं पास (इंटरमीडिएट) या आईटीआई/पॉलिटेक्निक/डिप्लोमा होल्डर होना चाहिए। आपकी फर्म या कंपनी प्रोपराइटरशिप, पार्टनरशिप या प्राइवेट लिमिटेड के रूप में रजिस्टर्ड होनी चाहिए।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज (Documents)
फॉर्म भरने से पहले अपने पास ये कागज जरूर तैयार रखें, क्योंकि इनके बिना आवेदन पूरा नहीं होगा
- जाति प्रमाणपत्र (महिलाओं के लिए पिता के नाम का)
- निवास प्रमाणपत्र
- मैट्रिक और इंटरमीडिएट का सर्टिफिकेट (उम्र और योग्यता के प्रमाण के लिए)
- पैन कार्ड और आधार कार्ड
- हालिया पासपोर्ट साइज फोटो और सिग्नेचर का स्कैन
- बैंक स्टेटमेंट या रद्द चेक (जिसमें बैंक अकाउंट खुलने की तारीख दर्ज हो)
कैसे करें ऑनलाइन अप्लाई?
आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है। आपको उद्योग विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.udyami.bihar.gov.in पर जाना होगा। वहां आपको 'रजिस्ट्रेशन' बटन पर क्लिक करके अपना आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद आपके मोबाइल पर एक OTP आएगा, जिससे आपका रजिस्ट्रेशन होगा। लॉगिन करने के बाद आपको अपनी निजी जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अपने बिजनेस प्रोजेक्ट की जानकारी देनी होगी। ध्यान रहे कि गलत जानकारी देने पर आपका आवेदन रद्द किया जा सकता है।
