Reliance Industries Q1 Results: भारत के सबसे अमीर आदमी मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2025) में 78.3 प्रतिशत बढ़कर 26,994 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो अब तक का सर्वाधिक तिमाही लाभ है। बीते वर्ष की समान तिमाही में यह लाभ 15,138 करोड़ रुपये था।
शेयरधारकों को प्रति शेयर ₹19.95 का लाभ
शुद्ध लाभ के आधार पर प्रति शेयर आय 19.95 रुपये रही। तिमाही दर तिमाही आधार पर भी कंपनी का लाभ 39 प्रतिशत अधिक रहा, जो पिछली (जनवरी-मार्च 2025) तिमाही में 19,407 करोड़ रुपये था।
उपभोक्ता कारोबारों की मजबूत ग्रोथ
कंपनी के खुदरा और दूरसंचार कारोबारों में जबरदस्त बढ़त देखी गई: जियो को उपभोक्ता आधार में वृद्धि से फायदा हुआ। रिलायंस रिटेल को स्टोर विस्तार और ग्राहक संख्या में वृद्धि का लाभ मिला।
राजस्व में 5.26% की बढ़ोतरी
तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 5.26% बढ़कर 2.48 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 2.36 लाख करोड़ रुपये था।
निवेश बिक्री से अन्य आय में उछाल
कंपनी ने बताया कि लिस्टेड निवेशों की बिक्री से हुए लाभ के चलते अन्य आय 8,924 करोड़ रुपये रही।
पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल में गिरावट
कंपनी के मुख्य व्यवसाय, यानी पेट्रोलियम रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल से राजस्व में 1.5% की गिरावट आई। इसका कारण कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और नियोजित रिफाइनरी बंदी रहा। हालांकि, जियो-बीपी के जरिये परिवहन ईंधन की बिक्री बढ़ने से इस क्षेत्र को कुछ समर्थन मिला।
मुकेश अंबानी का बयान
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस ने वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत एक मजबूत एवं चौतरफा परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन के साथ की है। अंबानी ने कहा कि वैश्विक वृहद-आर्थिक परिदृश्य में उल्लेखनीय उतार-चढ़ाव के बावजूद, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत ईबीआईटीडीए (कर पूर्व आय) एक साल पहले की तुलना में काफी सुधरा है। तिमाही के दौरान ऊर्जा बाजारों में अनिश्चितता का माहौल रहा और कच्चे तेल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम व्यवसाय ने घरेलू मांग की पूर्ति और जियो-बीपी नेटवर्क के जरिये मूल्यवर्धित समाधानों की पेशकश के दम पर मजबूत वृद्धि दर्ज की जबकि ईंधन एवं अन्य उत्पादों के मार्जिन में सुधार से भी प्रदर्शन को बल मिला।
जियो प्लेटफॉर्म्स: 25% मुनाफे की छलांग
जियो प्लेटफॉर्म्स का शुद्ध लाभ तिमाही में 25% बढ़कर 7,110 करोड़ रुपये हो गया। इसका उपभोक्ता आधार 48.82 करोड़ से बढ़कर 49.81 करोड़ हो गया। प्रति यूजर्स औसत राजस्व (ARPU) भी 206.2 रुपये से बढ़कर 208.8 रुपये हुआ। जियो का सकल राजस्व 19% बढ़कर 41,054 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। अंबानी ने कहा कि जियो एयरफाइबर अब 74 लाख ग्राहकों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा एफडब्ल्यूए (फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस) सेवा प्रदाता है। हमारे डिजिटल सेवा व्यवसाय ने मजबूत वित्तीय और परिचालन प्रदर्शन के साथ अपनी बाजार स्थिति को भी मजबूत किया है।
5G और AirFiber में प्रगति
20 करोड़ 5G ग्राहक और 2 करोड़ घरेलू कनेक्शन का आंकड़ा पार कर गया। जियो एयरफाइबर 74 लाख ग्राहकों के साथ अब दुनिया की सबसे बड़ी FWA (Fixed Wireless Access) सेवा बन गई है।
रिलायंस रिटेल: 28.3% लाभ वृद्धि
रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) का लाभ 28.3% बढ़कर 3,271 करोड़ रुपये हो गया। स्टोर की संख्या भी बढ़कर 19,592 हो गई (पिछली तिमाही में 19,340 थी)। सकल राजस्व 11.3% बढ़कर 84,171 करोड़ रुपये हुआ, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 75,615 करोड़ रुपये था। ग्राहक आधार बढ़कर 35.8 करोड़ हो गया।
FMCG ब्रांडों पर ध्यान
मुकेश अंबानी ने कहा कि खुदरा कारोबार का ग्राहक आधार बढ़कर 35.8 करोड़ हो गया है और परिचालन मानकों में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। हम अपने FMCG ब्रांड पोर्टफोलियो को भारतीय उपभोक्ताओं की पसंद के अनुरूप मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
