नई दिल्ली। एशिया के सबसे रईस शख्स में से एक मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने अपने बेवरेज पोर्टफोलियो को बढ़ा लिया है। कैम्पा (Campa) का अधिग्रहण करने के बाद अब रिलायंस गुजरात की कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स और जूस बनाने वाली कंपनी सोस्यो हजूरी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड (Sosyo Hajoori Beverages) में 50 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। इस संदर्भ में रिलायंस रिटेल वेंचर लिमिटेड (RRVL) ने एक बयान में कहा कि इस अधिग्रहण से रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड अपने पेय पोर्टफोलियो बढ़ाने में सक्षम होगा। उल्लेखनीय है कि 100 साल पुरानी पेय निर्माता कंपनी के मौजूदा प्रवर्तक हजूरी परिवार के पास कंपनी की शेष हिस्सेदारी पहले की तरह ही बनी रहेगी।
कैम्पा के बाद अब गुजरात की इस 100 साल पुरानी कंपनी को खरीदेगी रिलायंस
मजबूत होगा कंपनी का पोर्टफोलियो
इस संयुक्त उद्यम के साथ रिलायंस बेवरेज खंड में अपने पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगा। रिलायंस पहले से ही प्रतिष्ठित ब्रांड कैम्पा का अधिग्रहण कर चुकी है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) एफएमसीजी इकाई है। यह भारत की प्रमुख रिटेल कंपनी आरआरवीएल की ही अनुषंगी है।
सोस्यो के पास ये कंपनियां
रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी (Isha Ambani) ने कहा कि यह निवेश स्थानीय विरासत ब्रांडों को सशक्त बनाने और उन्हें विकास के नए अवसरों के साथ पेश करने के हमारे दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। सोस्यो के पास सोस्यो, कश्मीरा (Kashmira), Lemee, Ginlim, रनर (Runner), ओपनर (Opener), हजूरी सोडा (Hajoori Soda) और S'eau जैसे ब्रांड हैं।
पिछले हफ्ते की थी चॉकलेट कंपनी की घोषणा
सोसियो से पहले, पिछले हफ्ते रिलायंस ने घोषणा की थी कि वह अपने प्रवर्तकों से लोटस चॉकलेट (Lotus Chocolate) कंपनी में बहुमत हिस्सेदारी हासिल करेगी। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने कहा था कि वह 74 करोड़ रुपये में इस चॉकलेट कंपनी में 51 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। बाकी की 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए कंपनी खुली पेशकश ऑफर करेगी।
