Most Expensive Apartment Deal:देश में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी डील में नया रिकॉर्ड बन गया है। मुंबई के जेपी टपारिया (JP Taparia) परिवार ने 369 करोड़ रुपये में एक ट्रिप्लेक्स अपार्टमेंट खरीदा है। जिसे देश की अब तक की सबसे महंगी अपार्टमेंट डील कहा जा रहा है है। टपारिया परिवार काट्रांसेप्टिव बनाने वाली कंपनी फैमी केयर (Famy Care) को चलाता है। इसके फाउंडर जेपी टपारिया के परिवार ने दक्षिण मुंबई के मालाबार हिल इलाके में यह लग्जरी ट्रिप्लेक्स अपार्टमेंट खरीदा है। ईटी की खबर के अनुसार टपारिया परिवार ने यह अपार्टमेंट रियल्टी डेवलपर कंपनी लोढा ग्रुप (Lodha Group) से खरीदा है।
प्रतीकात्मक फोटो:देश में हुई सबसे महंगी प्रॉपर्टी डील
26 वें मंजिल पर है अपार्टमेंट
रिपोर्ट के अनुसार यह अपार्टमेंट सुपर लग्जरी रेजिडेंशियल टावर लोढा मालाबार के 26वीं, 27वीं और 28वीं मंजिल पर है। जो कि वाल्केश्वर रोड पर स्थित है। इसकी लोकेशन इसे महंगा बनाती है। इसके एक तरफ अरब सागर और दूसरी तरफ हैंगिंग गार्डन्स है। ईटी रिपोर्ट के अनुसार अपार्टमेंट 1.36 लाख रुपये प्रति स्क्वायर फुट के रेट पर खरीदा गया है। और इसका कुल एरिया 27,160 स्क्वायर फुट है। रेट के आधार पर यह अभी तक की सबसे महंगी रेजिडेंशियल अपार्टमेंट डील है।
टपारिया परिवार ने लोढा ग्रुप की कंपनी मैक्रोटेक डेवलपर्स से यह अपार्टमेंट खरीदा है। इसकी रजिस्ट्री बुधवार शाम को हुई। और अपार्टमेंट के लिए 19.07 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी चुकाई गई । अभी यह प्रॉपर्टी अंडर कंस्ट्रक्शन है और इसका काम जून 2026 तक पूरा होने की संभावना है।
ये एरिया सबसे महंगे इलाकों में एक
इसके पहले फरवरी में वेलस्पन ग्रुप के चेयरमैन बीके गोयनकाने मुंबई के वर्ली इलाके में 240 करोड़ रुपये में एक पेंटहाउस खरीदा था। यह उस समय सबसे महंगी रेजिडेंशियल डील थी। फिर इसके बाद नीरज बजाज ने इसी टावर में एक पेंटहाउस 252.50 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके अलावा पिछले हफ्ते सिंथेटिक फाइबर रोप बनाने वाली कंपनी Tufropes के डायरेक्टर माधव अरुण गोयल ने भी इसी प्रोजेक्ट में 121 करोड़ रुपये का सुपर लग्जरी अपार्टमेंट खरीदा था। मालाबार हिल में वाल्केश्वर रोड देश के सबसे महंगे इलाकों में हैं।
