बिजनेस

मूडीज ने बढ़ाया भारत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान, बढ़ाकर किया 7.2 प्रतिशत

Indian Economic Growth: मूडीज रेटिंग्स ने भारत की आर्थिक वृद्धि के पूर्वानुमान बढ़ा दिया है। उसने 2024 और 2025 के लिए 7.2 प्रतिशत और 6.6 प्रतिशत कर दिया।

Image

भारत कीआर्थिक वृद्धि को लेकर मूडीज का अनुमान

Indian Economic Growth: मूडीज रेटिंग्स ने गुरुवार को वर्ष 2024 और 2025 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि के पूर्वानुमान को बढ़ाकर क्रमशः 7.2 प्रतिशत एवं 6.6 प्रतिशत कर दिया। रेटिंग एजेंसी ने वैश्विक परिदृश्य 2024-25 के अगस्त संस्करण को जारी करते हुए कहा कि अगर निजी खपत को रफ्तार मिलती है तो भारत की आर्थिक वृद्धि की गति इससे भी अधिक रह सकती है।

मूडीज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि एक व्यापक आर्थिक नजरिये से देखें तो भारतीय अर्थव्यवस्था ठोस वृद्धि और कम होती मुद्रास्फीति के मेल के साथ एक अच्छी स्थिति में है। रेटिंग एजेंसी का अनुमान है कि मौजूदा साल में भारत की जीडीपी वृद्धि 7.2 प्रतिशत होगी, जबकि पहले इसका अनुमान 6.8 प्रतिशत रहने का था। वहीं वर्ष 2025 में देश की आर्थिक वृद्धि का अनुमान 6.6 प्रतिशत है, जबकि पिछला अनुमान 6.4 प्रतिशत था।

सख्त मौद्रिक नीति के जारी रहने और राजकोषीय सशक्तीकरण की दिशा में जारी प्रयासों के बावजूद 2024 की पहली तिमाही में अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। मूडीज ने कहा कि मानसून के समय सामान्य से अधिक बारिश के बीच कृषि उत्पादन की बेहतर संभावनाओं के कारण ग्रामीण मांग में सुधार के संकेत नजर आ रहे हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article