सरकार द्वारा जीएसटी घटाने से इस त्योहारी सीजन में गाड़ियों की रिकॉर्ड बिक्री हुई थी। इसका बड़ा फायदा मारुति सुजुकी को मिला है। कंपनी के मुनाफा में उछाल आया है। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड का जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ आठ प्रतिशत बढ़कर 3,349 करोड़ रुपये हो गया। वाहन विनिर्माता कंपनी को पिछले वर्ष इसी तिमाही में मुनाफा 3,102.5 करोड़ रुपये रहा था।
मारुति कार (Maruti Suzuki)
ऑपरेटिंग इनकम भी बढ़ा
मारुति सुजुकी इंडिया ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसकी ऑपरेटिंग इनकम 42,344.2 करोड़ रुपये रही जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 37,449.2 करोड़ रुपये थी। कंपनी का कुल खर्च सालाना आधार पर 33,879.1 करोड़ रुपये से बढ़कर 39,018.4 करोड़ रुपये हो गया।
शेयर में मामूली गिरावट
शेयर बाजार को मारुति सुजुकी का मजबूत रिजल्ट पसंद नहीं आया। मारुति सुजुकी का शेयर 9 रुपया टूटकर 16,197 रुपये पर ट्रेड कर रहा है।
इन कंपनियों के भी आए रिजल्ट
एमफैसिस का लाभ 10.79% बढ़ा
आईटी समाधान प्रदाता एमफैसिस का जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 10.79 प्रतिशत बढ़कर 469 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का पिछले वर्ष इसी तिमाही में मुनाफा 423.3 करोड़ रुपये रहा था। बेंगलुरु स्थित कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 10.34 प्रतिशत बढ़कर 3,901.91 करोड़ रुपये हो गई जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 3,536.14 करोड़ रुपये थी।
रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी डीएलएफ का जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,180.09 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी अवधि में उसका शुद्ध लाभ 1,381.22 करोड़ रुपये था। जुलाई-सितंबर तिमाही में परिचालन आय सालाना आधार पर 1,975.02 करोड़ रुपये से घटकर 1,643.04 करोड़ रुपये हो गई। कुल आय 2,180.83 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,261.80 करोड़ रुपये हो गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
