Senxex Top Companies Market Cap: सेंसेक्स की टॉप 10 में से 9 कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले हफ्ते 2,34,097.42 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। शेयर बाजार में पॉजिटिव ट्रेंड के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा फायदे में रही। बताते चलें कि पिछले हफ्ते बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,464.42 अंक (2.54 प्रतिशत) चढ़ गया। गुरुवार को ‘रामनवमी’ के मौके पर मार्केट बंद था। पिछले हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 86,317.26 करोड़ रुपये बढ़कर 15,77,092.66 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
टीसीएस के मार्केट कैप में 30,864.1 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मार्केट कैप में 30,864.1 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और ये 11,73,018.69 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 26,782.76 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 8,98,199.09 करोड़ रुपये और इन्फोसिस का मार्केट कैप 19,601.95 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 5,92,289.92 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
एसबीआई भी रहा मुनाफे में
हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का मार्केट कैप 18,385.55 करोड़ रुपये बढ़कर 6,01,201.66 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। तो वहीं, आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 17,644.35 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 6,12,532.60 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन 16,153.55 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,67,381.93 करोड़ रुपये हो गया। एचडीएफसी का बाजार मूल्यांकन 12,155.78 करोड़ रुपये बढ़कर 4,82,001.12 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईटीसी की बाजार हैसियत 6,192.12 करोड़ रुपये चढ़कर 4,76,552.34 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
भारती एयरटेल नुकसान में रहने वाली इकलौती कंपनी
लेकिन पॉजिटिव ट्रेंड के उलट भारती एयरटेल का मार्केट कैप 7,387.05 करोड़ रुपये घटकर 4,17,577.59 करोड़ रुपये पर आ गया। टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद टीसीएस दूसरे, एचडीएफसी बैंक तीसरे, आईसीआईसीआई बैंक चौथे, हिंदुस्तान यूनिलीवर 5वें, इन्फोसिस छठें, एचडीएफसी 7वें, आईटीसी 8वें, एसबीआई 9वें और भारती एयरटेल 10वें स्थान पर रहे।
भाषा इनपुट्स के साथ
