Mamaearth Share Hit Upper Circuit: मामाअर्थ (Mamaearth) की पैरेंट कंपनी होनासा कंज्यूमर लिमिटेड (Honasa Consumer) के तिमाही नतीजे बेहद शानदार रहे। कंपनी को जुलाई-सितंबर तिमाही में 29 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ। पिछले साल इसी तिमाही कंपनी को 15 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। यानी साल दर साल आधार पर कंपनी के प्रॉफिट में 93% की वृद्धि हुई।
मामाअर्थ शेयर अपर सर्किट पर
इसी के चलते आज मामाअर्थ के शेयर में भारी तेजी है। इसकी पैरेंट होनासा कंज्यूमर ही स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्टेड है। आज उसके शेयर में 20 फीसदी अपर सर्किट लगा हुआ है।
कितने पर की शुरुआत
बुधवार को होनासा का शेयर 352.10 रु पर बंद हुआ था, जबकि आज मजबूती के साथ बीएसई (BSE) पर 380.10 रु पर खुला। 10 बजे ये 20 फीसदी के अपर सर्किट पर पहुंच गया। करीब साढ़े 11 बजे भी कंपनी का शेयर 70.40 रु या 20 फीसदी की मजबूती के साथ 422.50 रु पर है। इस भाव पर कंपनी की मार्केट कैपिटल 13,593.80 करोड़ रु है।
कितनी रही इनकम
जुलाई-सितंबर तिमाही में होनासा की इनकम 21 फीसदी बढ़ कर 496 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले की अवधि में यह 410 करोड़ रुपये थी। बता दें कि होनासा का शेयर 7 नवंबर 2 फीसदी प्रीमियम के साथ 330 रु पर लिस्ट हुआ था। इसके आईपीओ में शेयरों का एलॉटमेंट 324 रु पर हुआ। तब से अब तक ये करीब 26 फीसदी रिटर्न दे चुका है।
कैसे हुई थी शुरुआत
मामाअर्थ की शुरुआत वरुण अलघ और उनकी पत्नी गजल अलघ ने की थी। 2016 में जिस समय मामाअर्थ शुरू की गई उस समय गजल प्रेग्नेंट थीं। वे ऐसे प्रोडक्ट की तलाश में थीं, जो मां और नवजात शिशु के लिए सेफ हो। इसी से उन्हें अपने बिजनेस का आइडिया मिला।
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर शेयर के रिटर्न की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
