Vijay Mallya latest news: भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या ने एक बार फिर भारतीय बैंकों पर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बैंकों ने उनसे जितना कर्ज लिया था, उससे दोगुनी राशि की संपत्तियां पहले ही वसूल कर ली हैं। माल्या ने वित्त मंत्रालय की 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि बैंकों ने ₹6,203 करोड़ के कर्ज के बदले ₹14,131.8 करोड़ की संपत्तियां जब्त की हैं।
विजय माल्या का आरोप: 'मैंने कर्ज चुकाया, फिर भी बैंक मुझे भगोड़ा क्यों कह रहे हैं?
सोशल मीडिया पर जताई चिंता, यूके कोर्ट में क्या कहेंगे बैंक?
माल्या ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि ऋण वसूली न्यायाधिकरण (DRT) ने ₹6,203 करोड़ की वसूली का आदेश दिया था, जबकि बैंकों ने अब तक उससे कहीं अधिक वसूली कर ली है। उन्होंने पूछा, “जब मेरे यूके दिवालिया केस की सुनवाई होगी, तब बैंक वहां क्या जवाब देंगे?”
सरकारी रिपोर्ट में कई भगोड़ों का जिक्र, माल्या पर विशेष ध्यान
वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट में कहा गया है कि विजय माल्या समेत 10 बड़े आर्थिक अपराधियों के मामले में ईडी ने संपत्ति कुर्क की है। माल्या की जब्त की गई ₹14,131.6 करोड़ की संपत्तियां सार्वजनिक बैंकों को सौंपी जा चुकी हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 36 भगोड़ों के लिए कुल 44 प्रत्यर्पण अनुरोध विभिन्न देशों को भेजे गए हैं।
2017 में DRT ने 6203 करोड़ की वसूली का दिया था आदेश
ऋण वसूली न्यायाधिकरण की बेंगलुरु पीठ ने 2017 में भारतीय स्टेट बैंक के नेतृत्व वाले बैंकों को माल्या और उनकी कंपनियों से ₹6,203 करोड़ वसूलने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया था। यह आदेश किंगफिशर एयरलाइंस को दिए गए कर्ज की वसूली के लिए था, जिसमें सालाना 11.5% ब्याज दर लागू की गई थी। माल्या का कहना है कि उन्होंने पहले ही 100% कर्ज चुकाने की पेशकश की थी, लेकिन बैंकों और सरकार ने उनका प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया। माल्या मार्च 2016 में ब्रिटेन चले गए थे और तब से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है।
भाषा इनपुट के साथ
