Lenskart-Wakefit IPO: अगर आप भी आईपीओ से कमाई करते हैं और बाजार में किसी बड़े आईपीओ का इन्तजार कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। दरअसल, चश्मे और गद्दे बनाने वाली कंपनी lenskart और Wakefit जल्द ही बाजार में अपना आईपीओ लॉन्च करने जा रही हैं, इसके लिए कंपनियों को सेबी की मंजूरी भी मिल गई है। ऐसे में आईपीओ से कमाई करने के लिए अपनी जेब भी तैयार कर लेनी चाहिए। आइए आपको बताते हैं कब बाजार में इनका आईपीओ आने वाला है और कितनी कमाई करा सकता है?
लेंसकार्ट का आईपीओ कब आएगा?
चश्मे और आंखों की देखभाल से जुड़े अन्य उत्पाद बेचने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड, घर की साज-सज्जा से जुड़े सामान बेचने वाली कंपनी वेकफिट इनोवेशन्स लिमिटेड और चार अन्य कंपनियों को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सेबी की मंजूरी मिल गई है। बाजार नियामक सेबी से सोमवार को यह जानकारी मिली।
टेनेको क्लीन एयर इंडिया, कॉर्डेलिया क्रूज की संचालक वाटरवेज लीजर टूरिज्म, श्री राम ट्विस्टेक्स और लैमटफ उन अन्य कंपनियों में शामिल हैं, जिन्हें नियामक ने आईपीओ लाने की मंजूरी दी है। सेबी के पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जून और जुलाई के बीच सेबी के पास अपने प्रारंभिक आईपीओ दस्तावेज दाखिल करने वाली छह कंपनियों ने 26 सितंबर से तीन अक्टूबर के बीच अपनी टिप्पणियां प्राप्त कीं। सेबी की भाषा में टिप्पणी मिलने का मतलब सार्वजनिक निर्गम लाने की मंजूरी मिलना है। लेंसकार्ट सॉल्यूशंस नए इक्विटी शेयर जारी करके 2,150 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। प्रवर्तकों की बिक्री पेशकश लाने की योजना भी है।
Wakefit भी लाएगी आईपीओ
बेंगलुरु स्थित वेकफिट इनोवेशन्स के प्रस्तावित आईपीओ में 468.2 करोड़ रुपये तक का नया निर्गम और 5.84 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश शामिल है। OFS में कंपनी के प्रमोटर अंकित गर्ग और चैतन्य रामलिंगेगौड़ा के साथ-साथ निवेशक नितिका गोयल, पीक XV पार्टनर्स इन्वेस्टमेंट्स VI, रेडवुड ट्रस्ट, वेरलिनवेस्ट S.A., SAI ग्लोबल इंडिया फंड I LLP, इन्वेस्टकॉर्प ग्रोथ इक्विटी फंड और परामार्क KB फंड I अपने शेयर ऑफलोड करेंगे।
कंपनी आईपीओ से जुटाई गई राशि का उपयोग 117 नए COCO रेगुलर स्टोर और 1 जंबो स्टोर खोलने, 15.4 करोड़ रुपये के उपकरण खरीदने, 145 करोड़ रुपये किराये और लीज भुगतान के लिए करने की योजना में है। इसके अलावा, लगभग 108 करोड़ रुपये मार्केटिंग और विज्ञापन पर खर्च किए जाएंगे ताकि ब्रांड की पहचान और ग्राहक पहुंच को और मजबूत किया जा सके।
आईपीओ मार्केट में जोश
2025 में भारतीय आईपीओ बाजार में फिर से रौनक लौट आई है। लेंसकार्ट और वेकफिट जैसी नई-उम्र की कंपनियां अब सीधे बाजार से पूंजी जुटाने की तैयारी में हैं। सेबी की मंजूरी के बाद इन कंपनियों की लिस्टिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि ये आईपीओ निवेशकों को तेजी से बढ़ते कंज्यूमर और डिजिटल सेक्टर में नई ग्रोथ स्टोरीज का हिस्सा बनने का शानदार मौका देंगे।
