बिजनेस

लखनऊ की प्राइम लोकेशन पर बनाना है घर? LDA ला रहा है 2100 नए प्लॉट्स की स्कीम

वरूण विहार के 2100 प्लॉट हों या ऐशबाग स्क्वायर के 384 लग्जरी फ्लैट्स, लखनऊ में रियल एस्टेट में निवेश करने का यह सबसे सही समय है। जानकारी और पंजीकरण के लिए एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।

Image

LDA Housing Scheme

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। शहर के विस्तार और बढ़ती आबादी की जरूरतों को देखते हुए एलडीए कई नई आवासीय योजनाएं लॉन्च करने जा रहा है। मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई हालिया समीक्षा बैठक में इन योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश की गई, जिसमें निवेश और घर खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।

जून में दस्तक देगी 'वरूण विहार' योजना

एलडीए की बहुप्रतीक्षित 'वरूण विहार' योजना जून 2026 में आधिकारिक रूप से लॉन्च होने जा रही है। इस योजना के पहले चरण में कैलाश खण्ड और काशी खण्ड के अंतर्गत लगभग 2100 भूखण्डों (Plots) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा। इस विशाल प्रोजेक्ट के लिए एलडीए ने बेहद गंभीरता से काम किया है और अब तक लगभग 1300 किसानों से 330 हेक्टेयर से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। यह योजना मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत स्वीकृत है, जिसका सीधा मतलब है कि यहाँ बुनियादी ढांचा और सुविधाएं वैश्विक स्तर की होंगी।

सितंबर में आएगी 'नैमिष नगर' योजना

वरूण विहार के तुरंत बाद एलडीए अपनी दूसरी बड़ी योजना 'नैमिष नगर' को सितंबर 2026 में लॉन्च करने की तैयारी में है। प्रशासन ने राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इन योजनाओं से जुड़ी जमीनों के दाखिल-खारिज और अन्य कानूनी कागजी कार्रवाई को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। मण्डलायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवंटियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष कैंप लगाकर भूखंडों और फ्लैट्स की रजिस्ट्री का काम तेजी से निपटाया जाएगा।

ऐशबाग में लग्जरी फ्लैट्स के लिए कल आखिरी मौका

अगर आप जमीन के बजाय एक बने-बनाए लग्जरी अपार्टमेंट की तलाश में हैं, तो एलडीए की 'ऐशबाग स्क्वायर' योजना आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। लेकिन ध्यान रहे, इस योजना में पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2026 है। यानी आपके पास आवेदन के लिए अब बहुत ही कम समय बचा है। ऐशबाग जैसे प्राइम लोकेशन (मिल रोड) पर स्थित इन 3BHK + सर्वेंट अपार्टमेंट्स की शुरुआती कीमत ₹1.1 करोड़ रखी गई है।

ये अपार्टमेंट्स उन लोगों के लिए डिजाइन किए गए हैं जो आधुनिक और आलीशान जीवन जीना चाहते हैं। करीब 1900 वर्ग फुट के इन फ्लैट्स में स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया और पावर बैकअप जैसी सभी प्रीमियम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही, परिसर के भीतर ही कमर्शियल दुकानें भी बनाई जा रही हैं, ताकि निवासियों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कैंपस से बाहर न जाना पड़े। सुरक्षा और पार्किंग का भी खास ख्याल रखा गया है, जिसमें 600 से अधिक वाहनों के लिए जगह सुनिश्चित की गई है।

भुगतान में भारी छूट और आसान किश्तें

एलडीए ने खरीदारों की सुविधा के लिए भुगतान के नियमों को भी काफी लचीला बनाया है। आवंटन होने के बाद ग्राहकों को अगले 3 साल (36 महीने) की आसान किश्तों में भुगतान करने का विकल्प मिलेगा। इतना ही नहीं, जो लोग 45 से 90 दिनों के भीतर पूरा भुगतान कर देंगे, उन्हें कुल कीमत पर 4 से 6 फीसदी तक की बड़ी छूट भी दी जा रही है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article