बिजनेस

DA hike: क्या 63% तक पहुंच जाएगा महंगाई भत्ता? जानिए क्या कहते हैं पिछले आंकड़े

केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनभोगी हर बार की तरह जुलाई से लागू होने वाले DA संशोधन का इंतजार कर रहे हैं। जुलाई 2026 के लिए DA में करीब 3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

Image

क्या 63% तक पहुंच जाएगा महंगाई भत्ता? (AI Generated Image)

केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बीच एक बार फिर महंगाई भत्ता (Dearness Allowance-DA) बढ़ने की उम्मीदें तेज हो गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी जुलाई से लागू होने वाले DA संशोधन का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि सरकार ने अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन पिछले वर्षों के पैटर्न और महंगाई के आंकड़ों को देखते हुए कर्मचारियों को जल्द अच्छी खबर मिल सकती है।

क्या होता है महंगाई भत्ता?

महंगाई भत्ता (DA) केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बढ़ती महंगाई के असर से राहत देने के लिए दिया जाता है। यह मूल वेतन (Basic Pay) का एक निश्चित प्रतिशत होता है, जिसे समय-समय पर संशोधित किया जाता है। निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को यह सुविधा नहीं मिलती। वर्तमान में करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 65 लाख से अधिक पेंशनभोगी DA वृद्धि का लाभ प्राप्त करते हैं।

साल में दो बार बढ़ता है DA

7वें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार, महंगाई भत्ते की समीक्षा साल में दो बार की जाती है। पहली बढ़ोतरी जनवरी से प्रभावी होती है और दूसरी जुलाई से प्रभावित होती है। हालांकि प्रभावी तिथि जनवरी और जुलाई होती है, लेकिन इसकी आधिकारिक घोषणा आमतौर पर मार्च और अक्टूबर में की जाती है।

इस साल अब तक क्या हुआ?

केंद्र सरकार ने अप्रैल 2026 में जनवरी 2026 से प्रभावी 2 प्रतिशत DA बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। इसके बाद महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 60% हो गया। अब कर्मचारियों की नजर जुलाई 2026 की अगली DA बढ़ोतरी पर टिकी हुई है। हालांकि सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

पिछला रिकॉर्ड क्या बताता है?

पिछले कुछ वर्षों का रिकॉर्ड बताता है कि जुलाई के लिए लागू होने वाला DA अक्सर सितंबर के अंत या अक्टूबर की शुरुआत में घोषित किया गया है। वहीं जनवरी से लागू होने वाला DA सामान्यतः मार्च में मंजूर किया जाता है। इसलिए इस बार भी जुलाई की बढ़ोतरी का औपचारिक ऐलान आने वाले महीनों में हो सकता है।

प्रभावी तिथि (Effective Date)महंगाई भत्ता (DA)बढ़ोतरीआदेश जारी होने की तिथि
Jan 202234%+3%Mar 2022
Jul 202238%+4%Sep 2022
Jan 202342%+4%Apr 2023
Jul 202346%+4%Oct 2023
Jan 202450%+4%Mar 2024
Jul 202453%+3%Oct 2024
Jan 202555%+2%Mar 2025
Jul 202558%+3%Oct 2025
Jan 202660%+2%Apr 2026

DA कैसे तय होता है?

महंगाई भत्ते की गणना ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के आधार पर की जाती है। महंगाई के आंकड़ों में बदलाव के अनुसार DA में वृद्धि या सीमित बढ़ोतरी तय होती है। यही वजह है कि हर संशोधन से पहले AICPI-IW के आंकड़ों पर कर्मचारियों और विशेषज्ञों की नजर रहती है।

कर्मचारियों की क्या हैं उम्मीदें?

हालांकि अंतिम फैसला केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद ही होगा, लेकिन विभिन्न रिपोर्टों में अनुमान लगाया जा रहा है कि जुलाई 2026 के लिए DA में करीब 3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो महंगाई भत्ता 60% से बढ़कर 63% तक पहुंच सकता है। हालांकि यह केवल अनुमान है और आधिकारिक घोषणा के बाद ही अंतिम दर स्पष्ट होगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article