JioHotstar: रिलायंस और वॉल्ट डिज्नी के भारतीय मीडिया कारोबार के विलय के बाद बनी कंपनी जियोस्टार ने जबरदस्त शुरुआत की है। कंपनी ने मार्च तिमाही में 774 करोड़ रुपये की कमाई (टैक्स से पहले) और 10,006 करोड़ रुपये का कुल राजस्व दर्ज किया है।
5 हफ्तों में ही पार किया 10 करोड़ पेड यूजर्स का आंकड़ा
जियोस्टार का ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar अब देश में सबसे तेजी से बढ़ते डिजिटल मंचों में से एक बन गया है। फरवरी 2025 में जियोसिनेमा और डिज्नी+हॉटस्टार (Disney+Hotstar) के विलय के बाद लॉन्च हुए इस नए प्लेटफॉर्म ने सिर्फ 5 हफ्तों में 10 करोड़ पेड यूजर्स का आंकड़ा पार कर लिया।
76 करोड़ मासिक यूजर्स
कंपनी का कहना है कि मार्च 2025 में 50.3 करोड़ लोग हर महीने इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे। इसकी सफलता के पीछे आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी, आईपीएल जैसे बड़े खेल टूर्नामेंट और 3.2 लाख घंटे से ज्यादा की डिजिटल कंटेंट लाइब्रेरी है। जियोस्टार का टीवी नेटवर्क भी तेजी से आगे बढ़ा है। भारत में टीवी देखने वाले लोगों में से 34% लोग अब जियोस्टार के चैनल देखते हैं, और कंपनी की पहुंच 76 करोड़ मासिक दर्शकों तक है।
इस संयुक्त कंपनी के पास अब आईपीएल समेत कई बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट्स के टीवी और डिजिटल अधिकार भी हैं, जिससे इसे और फायदा मिलने की उम्मीद है। रिलायंस इंडस्ट्रीज, वॉल्ट डिज़नी और वायकॉम18 ने नवंबर 2024 में इस विलय की घोषणा की थी। अब जियोस्टार भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में बड़ी ताकत बनकर उभर रही है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल), वॉल्ट डिज्नी कंपनी और वायकॉम 18 मीडिया प्राइवेट ने 14 नवंबर, 2024 को अपने टीवी और डिजिटल मंच के विलय की घोषणा की थी। विलय के बाद बनने वाली यूनिट जियोस्टार के पास आईपीएल के अलावा अन्य क्रिकेट आयोजनों और प्रमुख टूर्नामेंटों के लिए विशेष टीवी और डिजिटल अधिकार हैं।
