Jio Platforms IPO: मुकेश अंबानी की कंपनी Jio Platforms के IPO को शेयर बाजार में उतरने से पहले ही बड़े निवेशकों का जबरदस्त साथ मिला है। देश के सबसे बड़े IPO से पहले कंपनी ने 212 एंकर निवेशकों से ₹8,109.84 करोड़ जुटाए हैं।
इनमें भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), दुनिया की दिग्गज एसेट मैनेजमेंट कंपनी BlackRock, Capital Group और Fidelity Investments जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
एंकर निवेशकों के बीच जियो के शेयरों की मांग करीब ₹2.5 लाख करोड़ तक पहुंचने की खबर है। अब 21 अक्टूबर को आम निवेशकों के लिए IPO खुलने से पहले ही इस इश्यू ने बाजार का ध्यान खींच लिया है।
30 गुना से ज्यादा रही मांग
Jio Platforms ने 19 अक्टूबर को एंकर निवेशकों को 7.24 करोड़ इक्विटी शेयर आवंटित किए। इन शेयरों का आवंटन ₹1,119 प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड पर किया गया। इससे कंपनी ने कुल ₹8,109.84 करोड़ जुटाए।
हालांकि, Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, एंकर बुक में इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स की तरफ से कुल मांग करीब ₹2.5 लाख करोड़ की रही। यानी एंकर बुक के लिए आवंटित शेयरों की तुलना में 30 गुना से अधिक मांग देखने को मिली। एंकर बुक में विदेशी निवेशकों, घरेलू म्यूचुअल फंड्स, बीमा कंपनियों, पेंशन फंड्स और सॉवरेन वेल्थ फंड्स ने हिस्सा लिया।
LIC ने लगाए करीब ₹500 करोड़
जियो के एंकर बुक में घरेलू संस्थागत निवेशकों की भी बड़ी भागीदारी रही। LIC को करीब ₹499.98 करोड़ के शेयर आवंटित किए गए। इसके अलावा SBI Mutual Fund समेत कई बड़े घरेलू म्यूचुअल फंड हाउसों ने भी हिस्सा लिया।
विदेशी निवेशकों में BlackRock, Capital Group, Fidelity Investments, T. Rowe Price, Schroders, JPMorgan Asset Management, Franklin Templeton और Invesco जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
सॉवरेन वेल्थ फंड्स में सिंगापुर के GIC, नॉर्वे के Norges Bank Investment Management, Abu Dhabi Investment Authority और Qatar Investment Authority जैसे संस्थानों ने भी इश्यू में दिलचस्पी दिखाई।
कंपनी की फाइलिंग के मुताबिक, 25 घरेलू म्यूचुअल फंड्स की 95 स्कीमों को कुल ₹2,784.96 करोड़ के शेयर आवंटित किए गए। बीमा कंपनियों और पेंशन फंड्स को भी करीब ₹1,089.95 करोड़ के शेयर मिले।
21 से 23 अक्टूबर तक खुलेगा IPO
Jio Platforms का IPO 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 तय किया है। इस इश्यू में करीब 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।
यह देश का सबसे बड़ा IPO बनने जा रहा है। इश्यू में Reliance Industries के पात्र शेयरधारकों के लिए ₹2,500 करोड़ और कर्मचारियों के लिए ₹500 करोड़ के शेयर आरक्षित हैं। पात्र कर्मचारियों को अंतिम ऑफर प्राइस पर प्रति शेयर ₹54 की छूट मिलेगी।
निवेशकों के लिए एक लॉट में 12 शेयर रखे गए हैं। ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट के लिए ₹13,428 का निवेश करना होगा।
IPO से जुटाए पैसों का क्या करेगी Jio?
Jio Platforms IPO से मिलने वाली शुद्ध रकम में से ₹27,500 करोड़ तक का इस्तेमाल अपनी प्रमुख सहायक कंपनी Reliance Jio Infocomm के कुछ कर्ज को चुकाने या समय से पहले भुगतान करने में करेगी। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।
इस तरह IPO के जरिए जुटाई गई रकम का बड़ा हिस्सा कंपनी के टेलीकॉम कारोबार की वित्तीय स्थिति मजबूत करने में इस्तेमाल होगा। निवेशकों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि कर्ज कम होने से आगे कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर क्या असर पड़ता है।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
