बिजनेस

कहीं आपके पैन कार्ड पर भी तो नहीं चल रहे फर्जी बैंक अकाउंट? ऐसे करें तुरंत चेक

आजकल मिनटों में बैंक अकाउंट खोलना आसान है, लेकिन जालसाज इसी सुविधा का फायदा उठाकर आपके पैन कार्ड पर फर्जी खाता खोल सकते हैं। कहीं आपके नाम पर भी तो कोई अवैध ट्रांजेक्शन नहीं हो रहा, ऐसे करें चेक।

Image

Pan card

आज के डिजिटल दौर में पैन कार्ड (PAN Card) हमारे सबसे जरुरी डाक्यूमेंट्स में से एक है। बैंक खाता खोलने से लेकर इनकम टैक्स रिटर्न भरने तक, हर जगह इसकी जरूरत पड़ती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपके इसी पैन कार्ड का इस्तेमाल कोई दूसरा व्यक्ति फर्जी बैंक खाता खोलने या लोन लेने के लिए भी कर सकता है? पिछले कुछ समय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां लोगों के पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल कर उनके नाम पर अवैध ट्रांजेक्शन किए गए। अगर आपको इसकी जानकारी समय पर नहीं मिलती, तो आप मुसीबत में भी फंस सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं आप कैसे चेक करें कि कहीं आपके पैन कार्ड से कोई फर्जी अकाउंट तो नहीं खुला है न?

कैसे हो जाता है पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल?

अक्सर हम अपनी केवाईसी (KYC) डिटेल्स को अनजाने में असुरक्षित जगहों पर शेयर कर देते हैं। साइबर अपराधी इन्हीं डिटेल्स को चुराकर आपके नाम पर बैंक अकाउंट खोल लेते हैं या छोटे-छोटे इंस्टेंट लोन ले लेते हैं। ये खाते आपके पैन से लिंक होते हैं, इसलिए इनका सारा रिकॉर्ड आपके सिबिल स्कोर (CIBIL Score) और इनकम टैक्स प्रोफाइल में दिखाई देता है। अगर कोई इन खातों के जरिए अवैध लेन-देन करता है, तो आयकर विभाग सबसे पहले आपको ही नोटिस भेजेगा।

सिबिल स्कोर (CIBIL) के जरिए करें जांच

अपने पैन कार्ड का स्टेटस चेक करने का सबसे आसान तरीका है अपना सिबिल स्कोर चेक करना। जब भी आपके पैन कार्ड पर कोई बैंक अकाउंट खुलता है या लोन लिया जाता है, तो वह क्रेडिट रिपोर्ट में दर्ज हो जाता है। आप 'CIBIL', 'Experian' या 'CRIF' जैसी क्रेडिट ब्यूरो की वेबसाइट पर जाकर अपनी फ्री क्रेडिट रिपोर्ट देख सकते हैं। इस रिपोर्ट में 'Accounts' सेक्शन में जाएं। वहां आपको उन सभी बैंक खातों और लोन की जानकारी मिल जाएगी जो आपके पैन से लिंक हैं। अगर आपको वहां कोई ऐसा बैंक नाम दिखता है जहाँ आपने खाता नहीं खुलवाया, तो तुरंत अलर्ट हो जाएं।

इनकम टैक्स पोर्टल का लें सहारा

आयकर विभाग का नया पोर्टल (e-Filing Portal) भी आपको यह जानने में मदद करता है कि आपके पैन से कौन-कौन से बैंक खाते वैलिडेटेड हैं। अपने अकाउंट में लॉग इन करने के बाद 'My Profile' में जाकर 'My Bank Accounts' चेक करें। यहां केवल वही खाते होने चाहिए जो आपने खुद लिंक किए हैं। इसके अलावा, एआईएस (Annual Information Statement) के जरिए भी आप अपने पैन पर होने वाले साल भर के वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जानकारी निकाल सकते हैं।

फर्जी खाता मिलने पर क्या करें?

अगर आपको जांच के दौरान कोई ऐसा बैंक अकाउंट या लोन मिलता है जो आपने नहीं लिया है, तो सबसे पहले संबंधित बैंक की शाखा में जाकर इसकी शिकायत दर्ज करें। बैंक को लिखित में बताएं कि यह खाता फर्जी तरीके से आपके पैन कार्ड पर खोला गया है। इसके साथ ही, आयकर विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करें और साइबर क्राइम सेल (cybercrime.gov.in) में भी इसकी रिपोर्ट करें। अपनी क्रेडिट रिपोर्ट में मौजूद गलती को सुधारने के लिए क्रेडिट ब्यूरो को 'Dispute' भी रेज करें।

ऐसी धोखाधड़ी से बचने के लिए अपने पैन कार्ड की फोटोकॉपी हर किसी को न दें। जहां जरूरी हो, वहां फोटोकॉपी पर उद्देश्य (जैसे- 'Only for Bank Account Opening') लिख दें और साइन कर दें। समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करते रहें और अपने फोन पर आने वाले अनचाहे ओटीपी (OTP) को लेकर सतर्क रहें। सावधानी ही आपको इस तरह के बड़े वित्तीय नुकसान और कानूनी झंझटों से बचा सकती है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article