बिजनेस

Indian Stock Market : पीएम मोदी के ऐलान से शेयर बाजार गदगद, निवेशकों ने कमा लिए 6.50 लाख करोड़ रुपये

Indian Stock Market: सोमवार 18 अगस्त को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी 50 ने जोरदार तेजी के साथ शुरुआत की। निवेशकों की संपत्ति में 6.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हो गया। यहां जानिए शेयर बाजार में तेजी के 5 बड़े कारण।

Image

निवेशकों की बल्ले-बल्ले (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Indian Stock Market: सोमवार 18 अगस्त को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी 50 ने जोरदार तेजी के साथ शुरुआत की। मोदी सरकार द्वारा जीएसटी स्ट्रक्चर में सुधार की योजना और S&P द्वारा भारत की सॉवरेन क्रेडिट रेटिंग में सुधार के कारण बाजार में सकारात्मक माहौल बना। BSE सेंसेक्स ने 81,315.79 अंक से शुरुआत की, जो पिछले गुरुवार के 80,597.66 अंक से 700 से अधिक अंक ऊपर था। निफ्टी 50 ने 24,938.20 अंक से ट्रेडिंग शुरू की, जो पिछले बंद स्तर 24,631.30 से 300 से अधिक अंक ऊपर था। सुबह के सत्र में सेंसेक्स ने 1,168 अंक यानी करीब 1.40% की तेजी के साथ 81,765.77 अंक का उच्च स्तर छुआ। निफ्टी ने 25,000 अंक का स्तर पार किया, जो 25 जुलाई के बाद पहली बार हुआ, और 390 अंक की बढ़त के साथ 25,022 अंक पर पहुंचा।

सेक्टोरल स्तर पर भी सभी इंडेक्स हरे निशान में थे। निफ्टी बैंक इंडेक्स ने 700 अंक जोड़े और निफ्टी ऑटो इंडेक्स 4.50% की बड़ी छलांग लगा कर सबसे आगे रहा। आज की खरीदारी से दलाल स्ट्रीट के निवेशकों की संपत्ति में 6.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हुआ। सुबह करीब 10 बजे तक BSE की सभी सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप 4,52,45,035.28 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले गुरुवार के 4,45,77,632.34 करोड़ रुपये से काफी अधिक है।

आज भारतीय शेयर बाजार में तेजी के 5 बड़े कारण

जीएसटी सुधार (GST Reforms)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली से पहले जीएसटी संरचना में बड़े सुधार की घोषणा की है। वर्तमान 4-टियर स्लैब (5%, 12%, 18%, 28%) को घटाकर सिर्फ दो स्लैब – 5% और 18% किए जाने की योजना है। इससे रोजमर्रा की चीजों के दाम घट सकते हैं। यह कदम निवेशकों की धारणा को बेहतर बना रहा है और बाजार में तेजी ला रहा है।

भारत की क्रेडिट रेटिंग में सुधार (S&P Rating Upgrade)

S&P ने भारत की सॉवरेन क्रेडिट रेटिंग को 18 साल बाद बढ़ाकर BBB कर दिया है, साथ में स्थिर दृष्टिकोण (stable outlook) भी दिया है। रेटिंग में इस सुधार का श्रेय मजबूत आर्थिक वृद्धि, वित्तीय अनुशासन और महंगाई पर काबू पाने वाली मौद्रिक नीति को दिया गया है। इससे विदेशी निवेशक आकर्षित हो रहे हैं।

ऑटो सेक्टर में जबरदस्त उछाल (Auto Stocks Rally)

GST में 28% टैक्स स्लैब हटने की उम्मीद से ऑटो सेक्टर के शेयरों में जोरदार तेजी देखी गई। Nifty Auto इंडेक्स 4.5% उछला। TVS Motors, Hero, Eicher, M&M और Maruti जैसे शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया। बीमा कंपनियों को भी फायदा मिल सकता है।

अमेरिका-रूस वार्ता और टैरिफ टलने की संभावना (Putin-Trump Meeting Impact)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बैठक से व्यापार तनाव में कमी की उम्मीद जगी है। संकेत मिल रहे हैं कि भारत पर लागू होने वाला 25% का सेकेंडरी टैरिफ अब लागू नहीं होगा। यह एफआईआई गतिविधियों के लिए सकारात्मक संकेत है।

रुपये में मजबूती (Rupee Gains vs US Dollar)

सोमवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत होकर ₹87.39 पर पहुंचा। घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और विदेशी निवेश प्रवाह में सुधार से रुपये को समर्थन मिला।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article