बिजनेस

Tata Capital IPO: टाटा कैपिटल का अलॉटमेंट आज...ऐसे चेक करें मिला या नहीं? Latest GMP का ये है हाल

नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी टाटा कैपिटल लिमिटेड का इस वर्ष का सबसे बड़ा आईपीओ निवेशकों के बीच अच्छी प्रतिक्रिया के साथ बंद हुआ है। कंपनी के 15,512 करोड़ रुपये के पब्लिक इश्यू में कुल 33.34 करोड़ शेयरों के मुकाबले 65.12 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं, यानी यह 1.95 गुना सब्सक्राइब हुआ। अगर आपने भी टाटा कैपिटल के इस आईपीओ में आवेदन किया है, तो अब जानना जरूरी है कि आपको अलॉटमेंट मिला या नहीं, साथ ही लेटेस्ट GMP और संभावित लिस्टिंग गेन क्या संकेत दे रहे हैं।

Image

Tata Capital

नॉन बैंकिंग फाइनेंस कंपनी टाटा कैपिटल लिमिटेड के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग IPO को आखिरी दिन अच्छा ख़ासा सब्सक्रिप्शन मिला। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के 15,512 करोड़ रुपये के आईपीओ में 33,34,36,996 शेयरों के मुकाबले 65,12,29,590 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं, जो 1.95 गुना अभिदान के बराबर है। इस सार्वजनिक निर्गम को सभी निवेशक श्रेणियों में पूर्ण अभिदान प्राप्त हुआ। टाटा कैपिटल का आईपीओ इस वर्ष का सबसे बड़ा निर्गम है। अगर आपने भी टाटा के इस आईपीओ में पैसा लगाया है तो अब चेक करें की आपको अलॉटमेंट मिला या नहीं साथ ही आईपीओ का लेटेस्ट GMP कमाई के क्या संकेत दे रहा है?

किसके लिए कितने शेयर

पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए कोटा को 3.42 गुना अभिदान प्राप्त हुआ, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए निर्धारित हिस्से को 1.98 गुना अभिदान प्राप्त हुआ। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) की श्रेणी को 1.10 गुना अभिदान मिला। टाटा कैपिटल ने शुक्रवार को 68 घरेलू और वैश्विक संस्थागत निवेशकों से 4,642 करोड़ रुपये जुटाए। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 310-326 रुपये प्रति शेयर है। मूल्य सीमा के ऊपरी स्तर पर, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) का मूल्यांकन लगभग 1.38 लाख करोड़ रुपये है।

टाटा टेक के बाद दूसरा बड़ा आईपीओ

आईपीओ में कुल 47.58 करोड़ शेयर शामिल हैं। इसमें 21 करोड़ इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और 26.58 करोड़ शेयरों का बिक्री प्रस्ताव (ओएफएस) शामिल है। आईपीओ से प्राप्त राशि का उपयोग कंपनी के टियर-1 पूंजी आधार को मजबूत करने और आगे की उधारी सहित भविष्य की पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा। नवंबर, 2023 में टाटा टेक्नोलॉजीज के डेब्यू के बाद, यह हाल के वर्षों में टाटा समूह की दूसरी सार्वजनिक सूचीबद्धता होगी।

ऐसे चेक करें अलॉटमेंट

अगर आपने अप्लाई टाटा कैपिटल आईपीओ में पैसा लगाया है तो पब्लिक इश्‍यू के रजिस्‍ट्रार MUFG इंटाइम इंडिया की वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं इसके लिए आप https://in.mpms.mufg.com/Initial_Offer/public-issues.html पर जा कर नीचे दिए स्टेप्स के जरिए अपना अलॉटमेंट चेक कर सकते हैं।
  • Tata Capital Limited’ सिलेक्ट करें।
  • अपना एप्लीकेशन नंबर, DP/क्लाइंट ID, PAN या अकाउंट नंबर/IFSC डालें।
  • ‘Submit’ दबाएं और स्टेटस देखें।
  • इसके अलावा आप BSE की वेबसाइट से भी स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए BSE वेबसाइट के IPO सेक्शन में जाएं।
  • ‘Equity’ चुनें और ‘Tata Capital Ltd.’ सिलेक्ट करें।
  • एप्लीकेशन नंबर या PAN डालकर ‘Search’ क्लिक करें।
  • इसी तरह NSE की वेबसाइट पर IPO पेज पर ‘Equity & SME IPO bid details’ चुनें।
  • ‘Select Symbol’ से ‘TATACAP’ चुनें।
  • PAN और एप्लीकेशन नंबर एंटर करके ‘Submit’ करें. ऐसा करते ही स्‍क्रीन पर स्‍टेटस दिखाई देगा।

GMP का हाल

Tata Capital IPO का GMP लगातार गिरता जा रहा है। शुरुआती दौर में जहां ये 30 रुपये था, जो धीरे-धीरे गिरकर 2 अक्‍टूबर को 20 रुपये पर पहुंचा। वहीं अब ये लुढ़ककर महज ₹3.5 पर आ गया है। इंवेस्‍टरगेन के मुताबिक ये आंकड़ा 9 अक्टूबर की सुबह 9 बजे किया गया है। ऐसे में ये अपने प्राइस बैंड 326 रुपये के मुकाबले ₹329.5 पर लिस्‍ट हो सकता है। इसमें प्रति शेयर 1.07% का मामूली लिस्टिंग गेन मिलने की उम्‍मीद है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article