बिजनेस

Indigo Block Deal: इंडिगो में 11000 करोड़ की ब्लॉक डील, शेयर में 2 फीसदी की गिरावट, फाउंडर पर नजर

Indigo Block Deal: ऐसे माना जा रहा है कि यह ब्लॉक डील फाउंडर राकेश गंगवाल की ओर से की गई है। क्योंकि जून तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक उनके पास इंडिगो में 5.89 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।इससे पहले कुछ रिपोर्ट में बताया गया था कि राकेश गंगवाल एयरलाइन में 6,750 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रहे हैं।

Image

इंडिगो ब्लॉकडील

Photo : BCCL

Indigo Block Deal:एयरलाइन इंडिगो में गुरुवार को 11,000 करोड़ रुपए के मूल्य के शेयरों की ब्लॉक डील हुई है। इसमें 2.3 करोड़ शेयरों का 4,760 रुपए प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर सौदा हुआ है। यह इंडिगो की कुल शेयरहोल्डिंग का 6 प्रतिशत है।इस ब्लॉक डील के बाद इंडियों के शेयरों में गिरावट देखी जा रही है। सुबह 10:14 पर इंडिगो का शेयर 2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,758 रुपए पर था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी के संस्थापक और सह-संस्थापक राकेश गंगवाल द्वारा यह ब्लॉक डील किए जाने की संभावना है।सुबह 9:15 पर बीएसई पर ब्लॉक डील में 2,26,52,485 शेयरों का 4,762.55 रुपए प्रति शेयर के भाव पर सौदा हुआ।

राकेश गंगवाल पर नजर

ऐसे माना जा रहा है कि यह ब्लॉक डील गंगवाल की ओर से की गई, क्योंकि जून तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक उनके पास इंडिगो में 5.89 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।इससे पहले कुछ रिपोर्ट में बताया गया था कि राकेश गंगवाल एयरलाइन में 6,750 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, यह बाद में कुछ रिपोर्टस में यह राशि बढ़कर 11,000 करोड़ रुपये हो गई थी।मार्केट शेयर के हिसाब से इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है।

60 फीसदी बाजार पर हिस्सेदारी

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय(DGCA) के जनवरी-जुलाई के आंकड़ों के अनुसार इंडिगों के पास 60.8 फीसदी मार्केट शेयर था। वहीं, इस दौरान एयरलाइन में 5.61 करोड़ यात्रियों ने सफर किया।बीते महीने वित्त वर्ष 2024-25 की जून तिमाही के नतीजों में इंडिगो की ओर से 2,728 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया गया था। हालांकि, पिछले वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले एयरलाइन का मुनाफे में 11.7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई थी, जो कि पहले 3,090.6 करोड़ रुपये था। वहीं, चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में एयरलाइन की आय 19,570.7 करोड़ रुपये थी। इसमें सालाना आधार पर 17.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह पिछले साल की समान तिमाही में 16,683.1 करोड़ रुपये था।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article