बिजनेस

नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा भारत का विदेशी मुद्रा भंडार, बढ़कर हुआ इतना

Foreign Exchange Reserves Of India: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में और इजाफा हुआ। यह एक बार फिर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। अब 5.25 अरब डॉलर बढ़कर 689.24 अरब डॉलर हो गया है।

Image

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा

Foreign Exchange Reserves Of India: देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह सितंबर को समाप्त सप्ताह में 5.25 अरब डॉलर बढ़कर 689.23 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 2.29 अरब डॉलर बढ़कर 683.99 अरब डॉलर हो गया था।

रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, छह सितंबर को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 5.11 अरब डॉलर बढ़कर 604.14 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 12.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 61.99 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 40 लाख डॉलर बढ़कर 18.47 अरब डॉलर हो गया। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 90 लाख डॉलर बढ़कर 4.63 अरब डॉलर हो गया।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article