बिजनेस

Domestic Flights: जमकर हवाई यात्रा कर रहें हैं भारतीय, घरेलू उड़ानों के यात्रियों ने बनाया नया रिकॉर्ड

Domestic Flights Passengers: भारतीयों की यात्रा के लिए पहली पसंद फ्लाइट बनती जा रही है। घरेलू हवाई यात्रियों ने यात्रा का नया रिकॉर्ड बनाया है। एक दिन में पहली बार 5 लाख के आंकड़े को पार कर गई जो एक नया रिकॉर्ड है।

Image

घरेलू उड़ानों की यात्रियों की संख्या में इजाफा (तस्वीर-Canva)

Domestic Flights Passengers: घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या रविवार को एक दिन में पहली बार 5 लाख के आंकड़े को पार कर गई जो एक नया रिकॉर्ड है। यह त्योहारों और विवाह समारोह के बीच मजबूत यात्रा मांग को दर्शाता है। नागर विमानन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक एयरलाइन कंपनियों ने रविवार (17 नवंबर) को 3,173 उड़ानों का परिचालन किया और 5,05,412 यात्रियों ने इन उड़ानों के जरिये यात्रा की। यह पहली मौका है जब घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या एक ही दिन में 5 लाख के आंकड़े को पार कर गई है।

इन वजहों से बढ़े हवाई यात्री

यात्रा प्लेटफॉर्म क्लियरट्रिप के उपाध्यक्ष (हवाई श्रेणी) गौरव पटवारी ने कहा कि यात्रियों की संख्या बढ़ने की मुख्य वजह त्योहारी मांग और शादी-ब्याह की शुरुआत है। हमें उम्मीद है कि सर्दियों में भी मांग मजबूत बनी रहेगी। हालांकि हाल के दिनों में विभिन्न कारणों से विमानन कंपनियों का समय पर सेवाएं देने (ओटीपी) का रिकॉर्ड प्रभावित हुआ है।

ओटीपी का रिकॉर्ड प्रभावित

इंडिगो का ओटीपी रविवार को 74.2 प्रतिशत रहा। इसके बाद अलायंस एयर का 71 प्रतिशत और अकासा एयर का 67.6 प्रतिशत था। अन्य विमानन कंपनियों में स्पाइसजेट तथा एयर इंडिया का ओटीपी क्रमशः 66.1 प्रतिशत और 57.1 प्रतिशत रहा।

हर सप्ताह 25,007 उड़ानें होंगी संचालित

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अक्टूबर में कहा था कि भारतीय विमानन कंपनियां 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले शीतकालीन कार्यक्रम में 124 हवाई अड्डों से हर सप्ताह 25,007 उड़ानें संचालित करेंगी। शीतकालीन कार्यक्रम 27 अक्टूबर, 2024 से शुरू होकर 29 मार्च, 2025 तक जारी रहेगा।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article