बिजनेस

निवेशकों के चेहरे खिले! भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी, एक हफ्ते में मिला 4% से अधिक का रिटर्न

Indian stock market: मई 2025 के दूसरे कारोबारी सप्ताह में भारतीय शेयर बाजार ने शानदार प्रदर्शन किया और निवेशकों को 4 प्रतिशत से अधिक रिटर्न दिया। निफ्टी ने 4.21% और सेंसेक्स ने 3.62% की बढ़त दर्ज की। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स ने क्रमशः 7.21% और 9% से ज्यादा की तेजी दिखाई। डिफेंस, रियल्टी, मेटल, मीडिया और पीएसई सेक्टर्स ने भी जोरदार उछाल लगाया। टाटा स्टील, टेक महिंद्रा और जोमैटो जैसे शेयर टॉप गेनर्स रहे, जबकि इंडसइंड बैंक और भारती एयरटेल में गिरावट देखी गई। तकनीकी विश्लेषण के अनुसार निफ्टी का ट्रेंड तेजी का बना हुआ है। सप्ताह के अंतिम दिन बाजार में हल्की गिरावट के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी जारी रही।

Image

शेयर बाजार में आई तेजी

Photo : iStock

Nifty weekly performance: बीता कारोबारी सप्ताह भारतीय शेयर बाजार के लिए काफी उत्साहजनक रहा। इस दौरान प्रमुख सूचकांकों ने निवेशकों को चार प्रतिशत से ज्यादा का लाभ पहुंचाया, जिससे बाजार में सकारात्मक माहौल बना रहा। 12 से 16 मई के बीच निफ्टी में 1,011.80 अंकों की वृद्धि हुई, जो कुल मिलाकर 4.21 प्रतिशत रही। यह अक्टूबर 2024 के पहले सप्ताह के बाद की सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त रही। इसी अवधि में बीएसई सेंसेक्स ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 2,876.12 अंक या 3.62 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की।

स्मॉलकैप और मिडकैप इंडेक्स ने किया बेहतर प्रदर्शन

बड़े शेयरों की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने ज्यादा रिटर्न दिया। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 7.21 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 9 प्रतिशत से अधिक चढ़ा, जिससे इन श्रेणियों में निवेश करने वाले निवेशकों को अच्छा मुनाफा हुआ।

डिफेंस, रियल्टी और मेटल सेक्टर्स में जबरदस्त उछाल

गत सप्ताह डिफेंस (17.2%), रियल्टी (10.78%), मेटल (9.28%), मीडिया (9.10%) और पीएसई (7.28%) सेक्टर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए, जो बाजार में व्यापक मजबूती को दर्शाता है।

टॉप गेनर्स और लूजर्स

सप्ताहांत तक सेंसेक्स में टाटा स्टील (10.3%), टेक महिंद्रा (8.3%), जोमैटो (8.2%), अदाणी पोर्ट्स (7.7%), बजाज फिनसर्व (6.1%) और मारुति सुजुकी (6.1%) प्रमुख लाभ कमाने वाले शेयर रहे।

वहीं, इंडसइंड बैंक (4.6%), भारती एयरटेल (1.9%) और सन फार्मा (0.6%) उन कंपनियों में शामिल रहीं जिनके शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

तकनीकी विश्लेषण और बाजार दृष्टिकोण

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ डेरिवेटिव और तकनीकी विश्लेषक नंदीश शाह के अनुसार, निफ्टी का ट्रेंड फिलहाल तेजी का बना हुआ है और यह अपने शॉर्ट-टर्म मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है। उन्होंने बताया कि निफ्टी के लिए अगला प्रतिरोध स्तर 25,207 है, जबकि सपोर्ट स्तर 24,800 पर देखा जा रहा है।

सप्ताह के अंतिम दिन हल्की गिरावट

शुक्रवार को बाजार में मिश्रित रुख देखने को मिला। जहां लार्जकैप शेयरों में थोड़ी गिरावट आई, वहीं मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी देखी गई। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन सेंसेक्स 200.15 अंक या 0.24 प्रतिशत गिरकर 82,330.59 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 42.30 अंक या 0.17 प्रतिशत टूटकर 25,019.80 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.94 प्रतिशत चढ़कर 57,060.50 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.86 प्रतिशत बढ़कर 17,560.40 पर पहुंच गया।

डिस्क्लेमर : यहां शेयर बाजार में निवेश की सलाह नहीं दी गई है। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।

Ashish Kushwaha
आशीष कुशवाहाauthor

<p>आशीष कुमार कुशवाहा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। वह 2023 से Timesnowhindi.com के साथ जुड़े हैं। वह यहां शेयर बाजार, स्टॉक्स, IPO, पर्सनल फाइनेंस, बिजनेस न्यूज, कंपनी डेवलपमेंट, सक्सेस स्टोरी, यूटिलिटी, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी और गैजेट से जुड़ी स्टोरी पर काम करते हैं। उनके पास पिछले 3 साल के भारतीय बजट को भी कवर करने का एक्सपीरियंस है। उनके पास ऑटो एक्सपो 2023 को कवर करने का अनुभव है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं। उनके पास डिजिटल मीडिया में कुल 3 साल से ज्यादा का एक्सपीरियंस है। इससे पहले इन्होंने वन इंडिया, दैनिक भास्कर डिजिटल में काम किया है। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। वहीं ग्रेजुएशन की पढ़ाई रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर से मास कम्यूनिकेशन में की है। उन्हें शुरू से ही डिबेट करने, सामाजिक मुद्दों पर बात करने और शेयर बाजार में रुचि थी। उन्हें बचपन से ही अखबार के संपादकीय पेज और न्यूज पढ़ने का सौख था। स्कूल के समय उन्होंने कई क्विज कंपटीशन में भी हिस्सा लिया और प्राइज जीते हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article