Indian Cricketers Brand Endorsements Fees: वर्ल्ड कप (World Cup 2023) के फाइनल में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से हार गई। मगर इसके बावजूद टीम इंडिया के खिलाड़ियों की विज्ञापनों से कमाई बढ़ सकती है। प्रमुख क्रिकेटरों को रेप्रेजेंट करने वाली स्पोर्ट्स मार्केटिंग कंपनियों ने अपनी विज्ञापन फीस में दो अंकों की बढ़ोतरी की मांग की है।
उनका मानना है कि फाइनल तक वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का दबदबा रहा, जिसमें हर खिलाड़ी ने अपनी भूमिका बखूबी निभाई। इससे ये खिलाड़ी उस देश में और भी लोकप्रिय हो जाएंगे जहां क्रिकेट एक धर्म के समान है।
खिलाड़ी बन गए हीरो
इन कंपनियों का मानना है कि क्रिकेटर ब्रांडों को कंज्यूमर्स के साथ कनेक्शन बनाने और अलग-अलग क्षेत्रों और भाषाओं जैसी अड़चनों को पार करके उन्हें अधिक विजिबल बनाने में अहम रोल बना सकते हैं।
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार राइज वर्ल्डवाइड में स्पॉन्सरशिप सेल्स और टैलेंट हेड निखिल बार्डिया ने कहा है कि हमारे पास विश्व कप का टैग नहीं है, लेकिन खिलाड़ी हीरो बन ले गए हैं। राइज वर्ल्डवाइड रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह सहित कई क्रिकेटरों को मैनेज करती है।
10 करोड़ तक पहुंच सकता है चार्ज
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार बाजार अनुमानों के मुताबिक विराट कोहली और शर्मा जैसे टॉप क्रिकेटर प्रति विज्ञापन डील के लिए 3.5 करोड़ रु से 7 करोड़ रु तक चार्ज लेते हैं। अन्य क्रिकेटरों के मामले में ये चार्ज 1-2 करोड़ है। बार्डिया के अनुसार इसमें 30-40 फीसदी ग्रोथ हो सकती है। ऐसे में रोहित-कोहली जैसे टॉप क्रिेकेटरों का प्रति विज्ञापन डील चार्ज 10 करोड़ तक पहुंच सकता है।
क्रिकेटरों की बल्ले-बल्ले
स्पोर्ट्स मार्केटिंग एजेंसी ग्रुपएम ईएसपी की एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में सभी स्पोर्ट्स एंडोर्समेंट डील्स की वैल्यू साल दर साल 20% बढ़कर 2022 में 749 करोड़ की हो गई। इसमें क्रिकेटरों का हिस्सा 640 करोड़ या कुल का 85% रहा।
