बिजनेस

भारत की उड़ान होगी ऊंची, 2026 तक चीन से निकलेगा आगे

Air Passenger Growth Rate: एयरपोर्ट्स के ग्रुप एयरपोर्ट्स इंटरनेशनल काउंसिल (ACI) ने कहा कि भारत 2026 में हवाई यात्रियों की संख्या में वृद्धि दर के मामले में चीन को पीछे छोड़ सकता है। एसीआई की रिपोर्ट में भारत को भविष्य का सबसे तेजी से बढ़ता विमानन बाजार बताया गया।

Image

भारत का विमानन सेक्टर में तेजी (तस्वीर-Canva)

Air Passenger Growth Rate : एयरपोर्ट्स इंटरनेशनल काउंसिल (ACI) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारत 2026 तक हवाई यात्रियों की वृद्धि दर के मामले में चीन को पीछे छोड़ सकता है। वर्तमान में भारत की यात्री वृद्धि दर 10.1 प्रतिशत है, जबकि चीन की दर 12 प्रतिशत के करीब है। लेकिन ACI का अनुमान है कि आने वाले वर्षों में भारत की ग्रोथ लगातार ऊपर जाएगी।

2026 में भारत आगे, चीन पीछे

ACI के अनुसार, 2026 में भारत की हवाई यात्री वृद्धि दर 10.5 प्रतिशत और 2027 में 10.3 प्रतिशत होगी। वहीं, चीन की वृद्धि दर 2026 में 8.9 प्रतिशत और 2027 में 7.2 प्रतिशत पर आ जाएगी। इसका मतलब है कि भारत चीन को इस क्षेत्र में पीछे छोड़ देगा।

बुनियादी ढांचे में तेजी से सुधार

ACI एशिया-प्रशांत और पश्चिम एशिया के महानिदेशक स्टेफैनो बैरोंकी ने कहा कि भारत का विमानन बाजार तेजी से विकसित हो रहा है और इसमें हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे कई हवाई अड्डा विकास परियोजनाओं ने इस वृद्धि को गति दी है।

लंबी अवधि में वैश्विक लीडर बनने की राह पर भारत

ACI की रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि 2023 से 2053 तक की अवधि में भारत दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ने वाला विमानन बाजार रहेगा। 2023-27 के लिए भारत की वार्षिक संयोजित वृद्धि दर (CAGR) अनुमानित 9.5% है, जबकि चीन के लिए यह 8.8% है। (भाषा इनपुट के साथ)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article