बिजनेस

US Tariff: इस्पात पर 'शुल्क' लगाने के अमेरिकी निर्णय से भारतीय इस्पात उद्योग की बढ़ी चिंता

US Tariffs on India Steel Industry: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह विभिन्न देशों से इस्पात और एल्युमीनियम के सभी आयात पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा करेंगे।

Image

आईएसए के अध्यक्ष नवीन जिंदल ने जताई चिंता

US Tariffs on India Steel Industry: उद्योग निकाय भारतीय इस्पात संघ (ISA) ने सोमवार को इस्पात आयात पर शुल्क लगाने की अमेरिकी प्रशासन की घोषणा पर 'गहरी चिंता' जताई। आईएसए के अध्यक्ष नवीन जिंदल (Naveen Jindal) ने बयान में कहा कि अमेरिका के इस कदम से वैश्विक व्यापार में व्यवधान बढ़ेगा और इस्पात उद्योग के लिए चुनौतियां बढ़ेंगी।

जिंदल स्टील एंड पावर के चेयरमैन जिंदल ने कहा, 'आईएसए इस्पात आयात पर शुल्क लगाने के अमेरिकी निर्णय पर गहरी चिंता व्यक्त करता है। इस नवीनतम शुल्क से अमेरिका को होने वाले इस्पात निर्यात में 85 प्रतिशत की गिरावट आने की आशंका है। ऐसा होने पर बड़ा अधिशेष पैदा होगा जिससे प्रमुख बाजारों में से एक भारत में भरमार हो जाएगी।'

अमेरिका ने ऐतिहासिक रूप से कड़े व्यापार प्रतिबंध लगाए हैं

इस्पात के प्रमुख आयातकों में से एक अमेरिका ने ऐतिहासिक रूप से कड़े व्यापार प्रतिबंध लगाए हैं। इनमें भारतीय इस्पात के खिलाफ 30 से अधिक उपचारात्मक कदम शामिल हैं जिनमें से कुछ तीन दशक से भी अधिक पुराने हैं।

'नया निर्णय केवल समस्या को बढ़ाएगा और स्थिति को और बिगाड़ेगा'

जिंदल ने कहा कि लंबे समय से डंपिंग-रोधी शुल्क और प्रतिकारी शुल्क उपायों के कारण अमेरिका को भारत का कार्बन स्टील निर्यात पहले से ही नगण्य है। ऐसे में नया निर्णय केवल समस्या को बढ़ाएगा और स्थिति को और बिगाड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा वैश्विक इस्पात के लिए अपने दरवाजे बंद करने के साथ घरेलू बाजार में अधिशेष उत्पादों के आने से कीमतों में गिरावट और अनुचित प्रतिस्पर्धा का खतरा होगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article