बिजनेस

India-China Trade: भारत-चीन में तनातनी लेकिन बिजनेस पर नो इफेक्ट, ड्रैगन से आयात 13 फीसदी बढ़ा

India-China Trade: चीन वित्त वर्ष 2023-24 में 118.4 अरब डॉलर के व्यापार (निर्यात और आयात) के साथ अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार बनकर उभरा है।

Image

चीन ने अमेरिका को पछाड़ा

India-China Trade:भारत-चीन की तनातनी के बीच, चीन से भारत का आयात जहां बढ़ गया है, वहीं भारत से चीन को निर्यात घट गया है। यानी चीन फायदे में हैं। सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार देश का चीन को निर्यात जुलाई में 9.44 प्रतिशत घटकर 1.05 अरब डॉलर रहा जबकि आयात 13.05 प्रतिशत बढ़कर 10.28 अरब डॉलर पहुंच गया। जबकि अप्रैल-जुलाई के दौरान चीन को निर्यात 4.54 प्रतिशत घटकर 4.8 अरब डॉलर रहा जबकि आयात 9.66 प्रतिशत बढ़कर 35.85 अरब डॉलर रहा। इस तरह भारत का चीन के साथ व्यापार घाटा 31.31 अरब डॉलर रहा।

चीन ने अमेरिका को पीछे छोड़ा

चीन से बढ़ते आयात पर वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि अमेरिका और यूरोपीय संघ सहित दुनिया का कोई भी देश चीन से अलग-थलग नहीं रह सकता है।उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और इसकी खपत भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अगर निर्यात या घरेलू खपत के अनुरूप आयात बढ़ रहा है तो मुझे नहीं लगता है कि इसे लेकर हमें चिंता करनी चाहिए।

चीन वित्त वर्ष 2023-24 में 118.4 अरब डॉलर के व्यापार (निर्यात और आयात) के साथ अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार बनकर उभरा है। पिछले वित्त वर्ष में चीन को भारत का निर्यात 8.7 प्रतिशत बढ़कर 16.67 अरब डॉलर रहा था। जबकि पड़ोसी देश से आयात 3.24 प्रतिशत बढ़कर 101.7 अरब डॉलर हो गया। व्यापार घाटा वित्त वर्ष 2022-23 के 83.2 अरब डॉलर से बढ़कर 85 अरब डॉलर हो गया।

चीन 2013-14 से 2017-18 और 2020-21 में भारत का शीर्ष व्यापार भागीदार था। चीन से पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) देश का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार था। 2021-22 और 2022-23 में अमेरिका सबसे बड़ा भागीदार था।

अमेरिका-ब्रिटेन से कैसा कारोबार

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई के महीने में ब्रिटेन, जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, फ्रांस, इटली, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल, ब्राजील, बेल्जियम, तुर्की और इंडोनेशिया को देश से होने वाले निर्यात में भी कमी आई है।हालांकि अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, सिंगापुर, सऊदी अरब, बांग्लादेश तथा मेक्सिको को होने वाले निर्यात में वृद्धि दर्ज की गयी है।आंकड़ों के अनुसार देश से अमेरिका को निर्यात जुलाई महीने में 3.15 प्रतिशत बढ़कर 6.55 अरब डॉलर रहा जबकि आयात 1.43 प्रतिशत बढ़कर 3.71 अरब डॉलर रहा।

चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जुलाई अवधि में अमेरिका को निर्यात नौ प्रतिशत बढ़कर 27.44 अरब डॉलर रहा जबकि आयात 6.59 प्रतिशत बढ़कर 15.24 अरब डॉलर रहा। इस प्रकार, व्यापार अधिशेष 12.2 अरब डॉलर का रहा।इसी तरह, जुलाई में रूस से देश का आयात 22.56 प्रतिशत बढ़कर 5.41 अरब डॉलर का हो गया। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-जुलाई के दौरान कच्चे तेल के आयात के कारण कुल आयात 20.33 प्रतिशत बढ़कर 23.77 अरब डॉलर का रहा।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article