बिजनेस

गाड़ियों की बिक्री में आया तगड़ा उछाल! 10% से ज्यादा बढ़ी डिमांड; सेल्स का आंकड़ा 2.8 करोड़ यूनिट के पार

SIAM annual sales report 2026: भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री ने वित्त वर्ष 2025-26 में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसने पिछले सात सालों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

Image

गाड़ियों की बिक्री में आया तगड़ा उछाल (Photo: iStock)

SIAM annual sales report 2026: भारत में ऑटोमोबाइल निर्माताओं के शीर्ष निकाय सियाम (SIAM) ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि देश में मोटर वाहनों की थोक बिक्री बीते वित्त वर्ष 2025-26 में सालाना आधार पर 10.4 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 2,82,65,519 यूनिट रही।

पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में 46.43 लाख यूनिट बिके

पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान चौथी तिमाही में 13.16 लाख यूनिट्स की रिकॉर्ड बिक्री हुई, जो पिछले साल की तुलना में 13.2% अधिक है। इसके अलावा, पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट ने पूरे वित्त वर्ष में 46.43 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ 7.9% की बढ़त दर्ज की।

टू-व्हीलर सेगमेंट की बिक्री में 10.7% उछाल

इसी तरह, टू-व्हीलर सेगमेंट ने भी अपना शानदार प्रदर्शन दर्ज करवाया। इस सेगमेंट में चौथी तिमाही में 57.73 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ 26.4% की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पूरे वित्त वर्ष में 2.17 करोड़ यूनिट्स की बिक्री के साथ 10.7% की ग्रोथ हासिल हुई।

10.80 लाख यूनिट्स बिके कमर्शियल व्हीकल

कमर्शियल व्हीकल (CV) सेगमेंट ने वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत प्रदर्शन दर्ज करते हुए चौथी तिमाही में 3.25 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ 18.9% की वृद्धि दर्ज की, जबकि पूरे वित्त वर्ष में 10.80 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ 12.6% की ग्रोथ हासिल हुई।

थ्री-व्हीलर सेगमेंट की बिक्री में 12.8% की तेजी

थ्री-व्हीलर सेगमेंट ने FY 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नए रिकॉर्ड बनाए। चौथी तिमाही में 2.27 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ 26.7% की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पूरे वित्त वर्ष में 8.36 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ 12.8% की ग्रोथ हासिल हुई।

निर्यात में भी दर्ज हुई बढ़त

इस बढ़ोतरी के पीछे बढ़ती आर्थिक गतिविधियां, लोगों और सामान की आवाजाही में इजाफा और शहरी व अर्ध-शहरी क्षेत्रों में ट्रांसपोर्ट की बढ़ती जरूरत मुख्य कारण रहे। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा के विस्तार और कुछ राज्यों द्वारा ICE थ्री-व्हीलर्स के लिए नए परमिट जारी किए जाने से भी मांग को बढ़ावा मिला। वहीं, निर्यात में भी करीब 4.61 लाख यूनिट्स के साथ 50.1% की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें श्रीलंका और अफ्रीकी देशों की मांग का अहम योगदान रहा।

सात साल बाद सबसे अधिक बिक्री

वित्त वर्ष 2025-26 के बिक्री आंकड़ों को लेकर सियाम के अध्यक्ष Shailesh Chandra ने कहा, “वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत सामान्य रही, लेकिन भारतीय ऑटो उद्योग ने इस साल को शानदार तरीके से समाप्त किया। पैसेंजर व्हीकल, कमर्शियल व्हीकल, थ्री-व्हीलर और टू-व्हीलर सभी श्रेणियों ने मिलकर सात साल बाद किसी वित्त वर्ष में अपनी सबसे अधिक बिक्री दर्ज की।"

सियाम के महानिदेशक Rajesh Menon ने कहा, “पैसेंजर व्हीकल, कमर्शियल व्हीकल, थ्री-व्हीलर और टू-व्हीलर हर कैटेगरी ने जनवरी से मार्च तिमाही में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में दो अंकों की वृद्धि के साथ अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article