बिजनेस

व्यापार के 'नए युग' में प्रवेश करेंगे भारत-ब्रिटेन, FTA पर आज हस्ताक्षर करेंगे दोनों देश

इस व्यापार समझौते के तहत भारत ब्रिटेन के उत्पादों एवं वस्तुओं पर करीब 90 फीसदी टैरिफ कम करेगा। स्कॉच व्हिस्की और जिन पर लगने वाला 150 प्रतिशत टैरिफ 75 प्रतिशत पर आ जाएगा। यही नहीं यह टैरिफ अगले 10 सालों में 40 प्रतिशत पर लाने का लक्ष्य है। इसके अलावा ब्रिटेन में बनी कारों पर भारत में 100 फीसद से ज्यादा शुल्क लगता है, यह शुल्क भी कम होकर कोटा सिस्टम के तहत 10 प्रतिशत पर आ जाएगा।

Image

एफटीए पर हस्ताक्षर करेंगे भारत और ब्रिटेन। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

India UK FTA : भारत और ब्रिटेन के बीच गुरुवार को होने वाले मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर सभी की नजरें लगी हैं। इस समझौते पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर हस्ताक्षर करने वाले हैं। करीब तीन साल तक चली लंबी बातचीत के बाद दोनों देशों ने इस समझौते को अंतिम रूप दिया है। इस एफटीए का उद्देश्य टैरिफ की उच्च दरों को निचले स्तर पर लाना, एक दूसरे के बाजारों तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना और सेवाओं एवं निवेश में मजबूती लाना है।

पीयूष गोयल भी मौजूद रह सकते हैं

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि समझौते पर हस्ताक्षर होने के समय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल पीएम मोदी के साथ मौजूद रह सकते हैं। ब्रिटेन की संसद और भारत की कैबिनेट से इस समझौते पर मुहर लगने के बाद यह समझौता प्रभाव में आ जाएगा।

भारत में स्कॉच व्हिस्की होगी सस्ती

इस व्यापार समझौते के तहत भारत ब्रिटेन के उत्पादों एवं वस्तुओं पर करीब 90 फीसदी टैरिफ कम करेगा। स्कॉच व्हिस्की और जिन पर लगने वाला 150 प्रतिशत टैरिफ 75 प्रतिशत पर आ जाएगा। यही नहीं यह टैरिफ अगले 10 सालों में 40 प्रतिशत पर लाने का लक्ष्य है। इसके अलावा ब्रिटेन में बनी कारों पर भारत में 100 फीसद से ज्यादा शुल्क लगता है, यह शुल्क भी कम होकर कोटा सिस्टम के तहत 10 प्रतिशत पर आ जाएगा। एफटीए लागू हो जाने के बाद ब्रिटेन के उत्पाद जैसे कि कॉस्मेटिक, सैलमन मछली, चॉकलेट, मेडिकल उपकरण और बिस्किट सस्ते हो जाएंगे।

भारतीय उत्पादों पर लगेगा जीरो शुल्क

भारतीय वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक ब्रिटेन इसके बदले 99 फीसद भारतीय उत्पादों को अपने बाजार शुल्क मुक्त पहुंच देगा। एक्सपर्ट का मानना है कि यह समझौता भारत के कई क्षेत्रों को एक प्रतिस्पर्धी माहौल देगा। ब्रिटेन में कपड़े, फुटवियर, रत्न, आभूषण, ऑटो उपकरण, फर्नीचर, स्पोर्ट्स गुड्स, रसायन और मशीनरी पर जीरो शुल्क लगेगा। अभी ब्रिटेन में इन उत्पादों पर चार से 16 प्रतिशत शुल्क लगता है। भारतीय इलेक्ट्रिक एवं हाइब्रिड वाहन निर्माताओं को कोटा प्रणाली के तहत प्राथमिकता मिलेगी।

2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य

वहीं, निर्यातकों के शीर्ष संगठन फियो ने बुधवार को कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते से कपड़ा, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण, औषधि, समुद्री और इंजीनियरिंग सामान जैसे क्षेत्रों को लाभ होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान इस समझौते पर 24 जुलाई को हस्ताक्षर किए जाएंगे। इससे 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना होकर 120 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (फियो) ने कहा कि इस समझौते से भारतीय परिधान और वस्त्रों पर शुल्क समाप्त होने की संभावना है, जिससे ब्रिटेन के बाजार में उनकी प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ेगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article